राहुल गांधी अमेरिका में बोले- भारत आर्थिक संकट में फंसा हुआ, बेरोजगारी-शिक्षा प्रणाली बड़ी समस्या
क्या है खबर?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी फिलहाल अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा की कगार पर खड़ा है। यही सच्चाई है। कोई इसे नजरअंदाज कर सकता। मीडिया इसे नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की एक बहुत बड़ी समस्या है।"
युवा
राहुल बोले- युवाओं को भविष्य नजर नहीं आ रहा
राहुल ने कहा, "युवाओं का एक वर्ग जो मौजूदा हालात को लेकर निराशा जता रहा है, वह मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है। उसने औपचारिक शिक्षा प्राप्त की है। युवाओं में इस निराशा का मुख्य कारण यह है कि उन्हें अपना कोई भविष्य नजर नहीं आता। हम इसका अध्ययन कर रहे हैं, इस पर गौर कर रहे हैं। इसकी वजह काफी दिलचस्प है। असल बात यह है कि उन्हें अपना कोई भविष्य नहीं दिखता।"
SIR
राहुल ने SIR पर भी उठाए सवाल
राहुल ने मतदाता सूची के SIR पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, "इस अभियान में जितना पैसा खर्च किया गया, वह अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक ज्यादा था। इतना पैसा कहां से आया। इस रकम को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए। अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना संभव नहीं है। चुनावी नतीजों और वोटों के आंकड़ों को लेकर हमारे पास कई सवाल हैं। हमारे पास चुनावी धांधली के कई सबूत हैं।"
अहम बातें
राहुल के संबोधन की बड़ी बातें
भविष्य के अवसरों की कमी, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताएं ऐसी बड़ी चुनौतियां हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
करियर के घटते अवसरों के कारण युवाओं और उनके माता-पिता के बीच संवादहीनता और दूरियां बढ़ रही हैं।
बेरोजगारी की समस्या की गंभीरता को सार्वजनिक चर्चा में उतनी जगह नहीं मिल रही, जितनी मिलनी चाहिए।
पहले डर का माहौल था, लेकिन अब लोगों ने डरना बंद कर दिया है। छात्र आंदोलन ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है।
भाजपा
भाजपा बोली- राहुल भारत विरोधी प्रोपेगैंडा के नेता
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, 'राहुल भारत विरोधी प्रोपेगैंडा के नेता बन गए हैं। भारत की तरक्की और भारतीय लोकतंत्र के लिए उनकी अंदरूनी नफरत उन्हें हर बार विदेश जाने पर भारत के बारे में बुरा बोलने पर मजबूर करती है। राहुल भारत को 'इकोनॉमिक डिजास्टर' कहते हैं, जबकि दुनिया भर में इस बात पर आम सहमति है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और दुनिया भारतीय लोकतंत्र का सम्मान करती है।'