भारत-चीन के बीच तनाव घटाने की कोशिशें तेज, अरुणाचल में दूसरे दौर की सैन्य वार्ता हुई
क्या है खबर?
अरुणाचल प्रदेश में सीमा से जुड़े विवाद को लेकर भारत और चीन ने सैन्य वार्ता का नया दौर आयोजित किया है। इसका उद्देश्य सैनिकों के बीच टकराव को रोकना और भीषण सर्दियों के महीनों से पहले तनाव को कम करना था। वार्ता के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नागालैंड के दीमापुर स्थित भारतीय सेना के तृतीय कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया ने किया। उनके साथ विदेश मंत्रालय का एक अधिकारी भी मौजूद था।
बैठक
तनाव के बीच हुई बैठक
NDTV के मुताबिक, इन वार्ताओं का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच स्पष्ट सहयोग प्रोटोकॉल निर्धारित करना, गश्ती दलों के बीच टकराव से बचना, संचार के रास्ते खुले रखना और टकरावों को बड़े सैन्य गतिरोध में बदलने से रोकना था।
यह बैठक ऐसे वक्त हुई है, जब अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के कुछ हिस्सों पर भारत और चीन के बीच तनाव जारी है।
दोनों देशों ने इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में सैनिकों की तैनाती की है।
पहली बैठक
सितंबर में हुई थी पहले दौर की बैठक
इससे पहले 6 और 7 सितंबर को दोनों देशों के बीच पूर्वी क्षेत्र में कोर कमांडर स्तर की पहली बैठक हुई थी। ये बैठक वाचा-दमाई सीमा कर्मी बैठक स्थलों पर आयोजित की गई थी, जो अरुणाचल प्रदेश के किबिथू सेक्टर में है और भारत का सबसे पूर्वी नामित सीमा बैठक स्थल है।
इस बैठक से ठीक पहले अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के तकसिंग क्षेत्र में बढ़ते तनाव की खबरें सामने आई थीं।