भारत-वियतनाम साझेदारी में ऐतिहासिक छलांग, UPI लिंक, दुर्लभ मृदा समेत 13 बड़े करार
भारत और वियतनाम ने अपनी साझेदारी को एक नई ऊंचाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने 13 नए समझौतों की घोषणा की। ये समझौते दुर्लभ मृदा और ऊर्जा से लेकर डिजिटल तकनीक, शिक्षा, पर्यटन और वित्तीय प्रणाली जैसे कई क्षेत्रों से संबंधित हैं। यह कदम दोनों देशों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रगति का संकेत है।
भारत और वियतनाम UPI को करेंगे लिंक
इन समझौतों की खास बात यह है कि भारत की UPI भुगतान प्रणाली जल्द ही वियतनाम के साथ जुड़ जाएगी। इससे पैसों का लेन-देन काफी आसान हो जाएगा। दोनों देश दवाओं के नियमन के लिए भी साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि वियतनाम में भारतीय दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही, भारतीय कृषि और मछली उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भी नई योजनाएं बनेंगी। इसके अतिरिक्त, नालंदा विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे दोनों देशों के छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।