भारत-इटली अब 'विशेष रणनीतिक साझेदार', 2.22 लाख करोड़ रुपये व्यापार का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब इटली दौरे पर थे, तब भारत और इटली ने एक बड़ा फैसला लिया। दोनों देशों ने अपने संबंधों को 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' का दर्जा दिया है। इसका मतलब है कि अब यह सिर्फ दोस्ती या बातचीत नहीं, बल्कि मिलकर काम करने की एक गहरी योजना है। दोनों देश समान सोच और साझा मूल्यों के साथ दुनिया की बड़ी चुनौतियों का सामना करने और उन्हें हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
2029 तक 2.22 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के व्यापार का लक्ष्य
इस नई साझेदारी का मुख्य लक्ष्य व्यापार को बढ़ावा देना है। दोनों देशों ने साल 2029 तक 2.22 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का व्यापार करने का लक्ष्य रखा है। सिर्फ यही नहीं, रक्षा, क्लीन टेक, टेक्सटाइल्स और फार्मा जैसे अहम क्षेत्रों में भी वे मिलकर काम करेंगे। AI, स्पेस एक्सप्लोरेशन और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे नए जमाने के क्षेत्रों पर भी उनका खास ध्यान रहेगा। इसके साथ ही, दोनों राष्ट्र सस्टेनेबिलिटी पर भी जोर दे रहे हैं। सोलर पावर और बायोफ्यूल्स जैसे माध्यमों से वे मिलकर हरित ऊर्जा के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।