दिल्ली AI समिट: दर्जनभर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत कई VIP होंगे शामिल, कैसी रहेगी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था?
क्या है खबर?
राजधानी दिल्ली में कल यानी 16 फरवरी से AI इम्पैक्ट समिट की शुरुआत होने जा रही है। तकनीक जगत के इस बड़े और अहम आयोजन में कई देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, कंपनियों के CEO और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल हो रहे हैं। भारत मंडपम में होने जा रहे इस कार्यक्रम के जरिए भारत AI के क्षेत्र में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने जा रहा है। आइए कार्यक्रम के बारे में जानते हैं।
सदस्य
किन-किन देशों के प्रमुख होंगे शामिल?
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, एस्टोनियाई राष्ट्रपति आलार कारिस, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी, श्रीलंकाई राष्ट्रपति कुमार दिसानायके, सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलन शामिल हो रहे हैं। आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिन्यान, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे, क्रोएशियाई प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ऑर्पो, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज, ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस, कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री ओलजास बेक्टेनोव और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम भी हिस्सा लेंगे।
CEO
इन कंपनियों के CEO भी आएंगे
समिट में अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई, OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन, माइक्रोसाफ्ट के सत्य नडेला और ब्रैड स्मिथ, गूगल डीपमाइंड के CEO डेमिस हसाबिस, एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई शामिल होने जा रहे हैं। इसके अलावा मेटा के चीफ साइंटिस्ट यान लेकन, AI के गॉडफादन माने जाने वाले योशुआ बेंगियो और सर्न स्विट्जरलैंड की वैज्ञानिक अर्चना शर्मा समेत सैकड़ों वैज्ञानिक और शोधकर्ता भी शामिल होंगे। भारत ने पाकिस्तान को छोड़कर करीब 100 देशों को समिट का न्योता भेजा है।
सुरक्षा
क्या हैं सुरक्षा के इंतजाम?
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, करीब 5000 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, VIP मेहमान जिन-जिन होटलों में ठहरेंगे, उस हर होटल पर 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आयोजन स्थल पर 5 एंटी-ड्रोन सिस्टम, एयर डिफेंस गन और 500 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं। इनमें एडवांस वीडियो एनालिटिक्स, फेस रिकग्निशन और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान तकनीक शामिल है। सुरक्षा में कई आधुनिक तकनीक भी इस्तेमाल की गई हैं।
NDRF
NDRF की 5 टीमें, बम निरोधक दस्ता भी तैनात
समिट स्थल पर लगातार निगरानी के लिए 20 से ज्यादा एंटी-सैबोटाज टीमें तैनात रहेंगी। साथ ही बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वॉड भी तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 5 टीमें तैनात की गई हैं। प्रदर्शन या विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए 25 विशेष टीमें बनाई गई हैं। हर होटल की सुरक्षा की जिम्मेदारी DCP स्तर के अधिकारी को दी गई है।
ट्रैफिक
कैसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था?
दिल्ली पुलिस ने बताया कि समिट के दौरान ट्रैफिक सामान्य रूप से चलता रहे, इसके लिए नई दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में कड़े ट्रैफिक नियम और व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। इस दौरान जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के साथ रास्ता दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग और खास परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
ट्विटर पोस्ट
यहां पढ़ें ट्रैफिक को लेकर दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी
यातायात निर्देशिका
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) February 14, 2026
16 फ़रवरी, 2026 से 20 फ़रवरी, 2026 तक आयोजित होने वाले AI इम्पैक्ट समिट-2026 के मद्देनज़र दिल्ली में कुछ यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।
यात्रियों से अनुरोध है कि वे उल्लेखित मार्गों के प्रयोग से बचें और अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं।#DPTrafficAdvisory… pic.twitter.com/u5HO1kdVvg
यात्री
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को इन रास्तों से जाने की सलाह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए ISBT कश्मीरी गेट-बुलेवार्ड रोड-रानी झांसी मार्ग-DBG रोड, आश्रम चौक-रिंग रोड-राज घाट-JLN मार्ग और वंदे मातरम् मार्ग-डॉक्टर आंबेडकर मार्ग-पंचकुइयां रोड-आउटर सर्किल कनॉट प्लेस का इस्तेमाल करें। पुरानी दिल्ली स्टेशन के लिए ISBT कश्मीरी गेट्-रिंग रोड-हनुमान मंदिर-SP मुखर्जी मार्ग और आश्रमचौक-रिंग रोड-राजघाट-रिंग रोड-हनुमान मंदिर-SP मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल करें। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए AIIMS-रिंग रोड-आश्रम चौक-मथुरा रोड और ISBT कश्मीरी गेट-रिंग रोड-राज घाट-रिंग रोड-आश्रम चौक-मथुरा रोड से जाने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट
हवाई अड्डे जाने वाली यात्री करें इन रास्तों का इस्तेमाल
गुरुग्राम से T3, T4 और T2: NH-48 राव गजराज सिंह मार्ग-पुरानी दिल्ली गुरुग्राम रोड- UERII-सर्विस रोड NH-48-T3 टर्मिनल रोड। गुरुग्राम से T1: NH-48-महिपालपुर फ्लाईओवर के नीचे-T3 रोड और NH-48-महिपालपुर फ्लाईओवर के नीचे-उलन बटौर मार्ग-T1 रोड। द्वारका से T3, T4, T2, T1: सेक्टर-22 द्वारका रोड-UER II (T3 के लिए नई संचालित सुरंग) नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली से T3: AIIMS चौक-रिंग रोड-मोती बाग चौक-RTR मार्ग-संजय टी-पॉइंट-सर्विस रोड NH-48-T3 टर्मिनल रोड का इस्तेमाल करें।