बेंगलुरु में अस्पताल की दीवार गिरने से 7 की मौत, इंजीनियर निलंबित
बेंगलुरु के बोविंग एंड लेडी कर्जन अस्पताल की एक बाहरी दीवार ढह गई। इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई, जिसके बाद कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए दो कमेटियां बनाई हैं। इनमें से एक कमेटी मौके पर जाकर हर पहलू की जांच करेगी, जबकि दूसरी एक तकनीकी टीम होगी। इसकी अगुवाई एक सेवानिवृत्त मुख्य इंजीनियर करेंगे। उनका काम यह पता लगाना है कि दीवार गिरने के पीछे क्या वजह थी।
दीवार की जांच जारी, इंजीनियर निलंबित
ये टीमें जांच करेंगी कि दीवार का निर्माण कब और किस तरह हुआ था, उसमें कौन सी सामग्री लगाई गई थी और क्या उसका ठीक से रखरखाव किया जा रहा था। वे यह भी देखेंगे कि कहीं हाल ही में अस्पताल परिसर में हुए किसी काम की वजह से दीवार कमजोर तो नहीं हुई या फिर उसकी मरम्मत में जानबूझकर देरी तो नहीं की गई। इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री ने पहले ही एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि जल्द से जल्द इस मामले का सच सामने आए ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना फिर से न हो।