उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ लाएगा राहत
उत्तर भारत के लिए बारिश का अलर्ट जारी हुआ है! भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि एक पश्चिमी विक्षोभ 18 से 22 जून के बीच पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश लाएगा। इस सिस्टम से दक्षिण-पश्चिम मानसून को भी आगे बढ़ने में आसानी होगी और जल्द ही यह पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में पहुंच जाएगा।
मानसून आगे बढ़ेगा, लू का प्रकोप जारी रहेगा
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 22 जून के दौरान बारिश होने की उम्मीद है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में भी इक्का-दुक्का जगहों पर बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ अलग रहेगा। राज्य के पश्चिमी इलाकों में 17 से 19 और 22 जून को बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17-18 और फिर 21-22 जून को बारिश देखने को मिल सकती है। इन सबके बीच, अगले 5 दिनों में मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन कुछ जगहों पर अभी भी लू का कहर जारी रहेगा। इनमें छत्तीसगढ़ में 17 जून, तेलंगाना में 18 जून, विदर्भ में 19 जून और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जून तक लू की स्थिति बनी रह सकती है।