दिल्ली में IMD का ऑरेंज अलर्ट, झमाझम बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान लगाया है। 11 जून को दिल्ली के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है। इस बदलाव से तापमान में अच्छी-खासी गिरावट आएगी, जिससे मौसम ठंडा और सुहावना हो जाएगा।
10-14 जून तक उत्तर भारत में बारिश
आने वाली 10 से 14 जून तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तो 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ ओले भी गिर सकते हैं। मौसम में यह बदलाव प्री-मानसून की मजबूत गतिविधियों और एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते होगा। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के ताजा अपडेट्स पर ध्यान दें और तूफानी मौसम में सुरक्षित रहें।