उत्तराखंड में IMD का 'ऑरेंज अलर्ट': पहाड़ से मैदान तक बिगड़ेगा मौसम
देश
उत्तराखंड में रहने वाले लोगों के लिए एक जरुरी खबर है। IMD ने आज राज्य के पहाड़ी जिलों के लिए मौसम की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के मुताबिक, आज हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 4,200 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने और कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
देहरादून, टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार के लिए ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज के साथ तेज बौछारें, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इनके अलावा, बाकी जिलों पर भी मौसम विभाग लगातार नजर रखे हुए है। चकराता और मसूरी जैसे इलाकों में भी भारी बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है।