IMD ने पश्चिम बंगाल के 10 जिलों के लिए बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को कोलकाता और दक्षिण बंगाल के 10 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया है कि शनिवार को इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के बाद शुक्रवार को कोलकाता में बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, शनिवार की इस बारिश से एक तरफ जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आवाजाही में कुछ मुश्किलें भी आ सकती हैं।
उत्तर बंगाल में मूसलाधार बारिश से भूस्खलन
विभाग ने बताया है कि सप्ताहांत में बारिश और तेज होने की संभावना है। तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी और पश्चिमी बर्धमान, पुरुलिया, बांकुरा, नदिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, हुगली और उत्तर 24 परगना जैसे जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इस बीच, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जैसे इलाकों में पहले से ही मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। यहां कई जगह भूस्खलन हुए हैं और एक अस्थाई पुल भी बह गया है।