श्रीसंत ने हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में मुकाबला करने की दी चुनौती, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) इतिहास के सबसे चर्चित 'स्लैपगेट' विवाद एक बार फिर गरमा गया है। साल 2008 में किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस (MI) के मैच के बाद हरभजन सिंह द्वारा एस श्रीसंत को मारे गए थप्पड़ की गूंज आज भी बरकरार है। द लल्लनटॉप पर साक्षात्कार के दौरान इस पर श्रीसंत का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मामले के समाधान के लिए हरभजन को बॉक्सिंग रिंग में उतरकर आमने-सामने की लड़ाई करने की खुली चुनौती दे दी।
गुस्सा
हरभजन की बॉक्सिंग ग्लव्स पहने तस्वीर देखकर भड़के श्रीसंत
साक्षात्कार के दौरान श्रीसंत को हरभजन के साथ उनकी की बॉक्सिंग ग्लव्स पहने हुए एक पुरानी तस्वीर दिखाई, तो वह भड़क गए और उन्होंने कैमरे पर हरभजन को चुनौती दे दी। उन्होंने कहा, "क्या तुममें हिम्मत है? क्या तुममें मेरे साथ रिंग में आने की हिम्मत है? क्या तुम साइन करके आ सकते हो? मैं उनसे (हरभजन) पूछ रहा हूं। यह एक्टिंग नहीं है, मैं मुस्कुरा रहा हूं। तुम मुस्कुरा भी नहीं रहे हो। देखते हैं, यह खुली चुनौती है।"
चुनौती
मैं तुम्हें चुनौती देता हूं- श्रीसंत
श्रीसंत ने अपनी चुनौती मजबूत करते हुए कहा कि विज्ञापनों या सार्वजनिक तंज के बजाय असल मुकाबले में अपने मतभेद सुलझाएं। उन्होंने कहा, "भज्जी, मैं तुम्हें चुनौती देता हूं। तुम्हें थप्पड़ वाली घटना और मुझसे इतनी ही दिक्कत है और तुम इतना कमाते हो, तो मुझे भी कमाने दो। रिंग में आओ, मैं तुम्हें दिल से बुला रहा हूं। हममें थोड़ा भी आत्म-सम्मान है, तो सभी मलयालियों और सभी सरदारों के लिए, प्लीज आओ। मैं इंतजार कर रहा हूं।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
Sreesanth's open challenge to Harbhajan for a ring fight 💀
— Kohlistic🔥 (@Kohlistic18) June 18, 2026
If you've got the guts, Bhajji, step into the ring. Enough with the ads.. pic.twitter.com/VQV5f7E1La
खटास
श्रीसंत और हरभजन के रिश्ते में क्यों आई खटास?
साक्षात्कार में यह बात सामने आई कि पिछले कुछ सालों में दोनों खिलाड़ी इस विवाद को पीछे छोड़कर आगे बढ़ चुके थे। दोनों ने साथ में विज्ञापन किए, लेकिन हाल ही में हरभजन के एक विज्ञापन ने इस दोस्ती में खटास ला दी। श्रीसंत का आरोप है कि हरभजन ने उस विज्ञापन में नाम लिए बिना उसी थप्पड़ कांड का मजाक उड़ाया है और उनके जीवन के एक अपमानजनक पल का इस्तेमाल करके 1 करोड़ का मुनाफा कमाया है।
अलगाव
हरभजन से पूरी तरह खत्म हुए संबंध- श्रीसंत
श्रीसंत ने साफ किया कि इस हरकत के बाद उनका दिल बुरी तरह टूट गया है और उन्होंने हरभजन से अपने सारे रिश्ते खत्म कर लिए हैं। श्रीसंत ने हरभजन को अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स से ब्लॉक कर दिया है। उनका मानना है कि किसी के जीवन की सबसे दर्दनाक घटना का व्यावसायिक इस्तेमाल करके पैसे कमाना बिल्कुल गलत है और यही वजह है कि अब वो इस दुश्मनी को रिंग के अंदर लड़ाई करके ही निपटाना चाहते हैं।