IIT-BHU गैंगरेप: पुलिस को थी आरोपियों की जानकारी, भाजपा से संबंध के कारण नहीं की कार्रवाई
उत्तर प्रदेश में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के परिसर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की छात्रा से गैंगरेप के मामले में एक नई जानकारी सामने आई है। द रेड माइक यूट्यूब चैनल ने दावा किया कि घटना के तीसरे दिन पुलिस को तीनों आरोपियों के विषय में जानकारी हो गई थी, लेकिन भाजपा से जुड़े होने के कारण उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया। चैनल का दावा है कि पुलिस ने एक आरोपी कुणाल पांडेय से पूछताछ भी की थी।
क्या पुलिस ने आरोपियों को शहर से बाहर जाने को कहा था?
चैनल का दावा है कि पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन यह सामने नहीं आया कि पूछताछ कहां हुई। इसके बाद आरोपी शहर से बाहर गए और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में शामिल हुए। पुलिस ने मामला शांत होने तक उन्हें शहर से दूर भेजा या ये खुद फरार हुए, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी चुनाव के बाद वापस लौटकर वाराणसी आए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्या है पूरा मामला?
1 नवंबर, 2023 की रात IIT-BHU परिसर में एक छात्रा अपने दोस्त के साथ जा रही थी, तभी 3 अज्ञात युवकों ने उनको रोका और बंदूक दिखाकर लड़के को अलग कर दिया। इसके बाद अज्ञात युवकों ने छात्रा से अश्लील हरकत की और उसे जबरन चूमने के बाद उसके कपड़े उतरवा दिए और वीडियो बनाया। इसके बाद आरोपियों ने उसका गैंगरेप किया। पुलिस ने 60 दिन बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी भाजपा IT सेल से जुड़े हैं।