वायुसेना जवान ने तस्वीरों के लालच में पाकिस्तानी जासूस को दी युद्ध योजनाओं की जानकारी
क्या है खबर?
करीब 5 महीने पहले गिरफ्तार किए गए भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर के हनीट्रैप मामले में नए खुलासे हुए हैं। पता चला है कि इस अधिकारी ने कथित तौर पर अश्लील तस्वीरों और चैटिंग के बदले पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एक जासूस को भारत की गुप्त युद्ध योजना से जुड़े अतिसंवेदनशील दस्तावेज और सामरिक जानकारियां साझा की थीं। दिल्ली के एक कोर्ट में पुलिस द्वारा दायर चार्जशीट में ये आरोप लगाए हैं।
रिपोर्ट
ड्रोन और लड़ाकू विमानों से जुड़ी जानकारी भी दी- रिपोर्ट
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि जवान ने एक गुप्त ड्रोन इकाई की ताकत और संरचना, उसकी परिचालन क्षमताओं, हमले की स्थिति में तैनाती के लिए निर्धारित स्थानों और लड़ाकू विमानों की आवाजाही के बारे में संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव को जानकारी दी थी।
इसके अलावा युद्ध योजना से जुड़े दस्तावेज, ड्रोन क्षमता, सैन्य तैनाती की जगहों, अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों की गतिविधियों और संवेदनशील रक्षा प्रतिष्ठानों की लोकशन समेत कई अन्य जानकारी भी साझा की गई थी।
सोशल मीडिया
व्हाट्सऐप के जरिए ऑपरेटिव के संपर्क में था जवान
पुलिस के अनुसार, विंग कमांडर इस साल 12 जनवरी से 1 अप्रैल तक संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव के साथ व्हाट्सऐप पर संपर्क में था। इसी बीच कार्यालय में स्मार्टफोन ले जाने के कारण रोका गया और उनकी जांच की गई।
चार्जशीट के मुताबिक, अधिकारी ने संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट से 'एक नग्न तस्वीर' के बदले 'गुप्त युद्ध योजना' का एक पन्ना भेजा और यह भी कहा कि हर नई तस्वीर के लिए वे युद्ध योजना का एक नया पन्ना भेजेगा।
मैलवेयर
लेह में विमानों की तैनाती की जानकारी भी लीक की
पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी एजेंट ने कुछ मैलवेयर एप्लिकेशन भेजे थे। इनके जरिए अधिकारी के डिवाइस में मौजूद संवेदनशील जानकारी और उनके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बातचीत को सुना और देखा जा सकता था।
चार्जशीट में यह भी बताया गया है कि विंग कमांडर ने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और सूरतगढ़ की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में हुए सैन्य अभ्यास से जुड़ी जानकारी भी लीक की थी।
बातचीत
3,000 से ज्यादा बार भेजे गए मैसेज
चार्जशीट में ये भी बताया गया है कि अधिकारी और संदिग्ध एजेंट के बीच स्तर पर बातचीत हुई थी।
व्हाट्सऐप PMP डेटा के विश्लेषण से पता चलता है कि अधिकारी और संदिग्ध पाकिस्तानी अधिकारी के बीच कुल 3,008 टेक्स्ट मैसेज, 65 तस्वीरें, 65 रिएक्शन, 42 वॉयस कॉल, 4 वीडियो कॉल और 6 लिंक का आदान-प्रदान हुआ था।दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत पुख्ता सबूतों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की है।