हैदराबाद IT कॉरिडोर में बारिश का कहर, थम गई जिंदगी की रफ्तार
हैदराबाद में मंगलवार को तेज बारिश हुई और साथ में आंधी भी देखने को मिली। इस वजह से शहर के मुख्य IT इलाके पानी से लबालब सड़कों, गिरे हुए पेड़ों और घंटों लंबे ट्रैफिक जाम की चपेट में आ गए। बारिश दोपहर में शुरू होकर देर शाम तक चलती रही, जिसके चलते कई लोग घंटों तक फंसे रहे। सोशल मीडिया पर पानी से भरी सड़कों और फंसे हुए वाहनों के वीडियो और तस्वीरें लगातार छाई रहीं।
लोगों ने की बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग
IT कॉरिडोर (मधापुर, गाचीबोवली, कोन्डापुर, हाईटेक सिटी) में तो आवागमन ठप ही हो गया था। लोगों को यहां 3 घंटे तक जाम में फंसा रहना पड़ा। हालात ऐसे थे कि एम्बुलेंस को भी यहां से गुजरने में खासी परेशानी हुई। विनयक नगर में करीब 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो शहर में सबसे ज्यादा थी। वहीं, बेगमपेट और अंबरपेट में भी अच्छी खासी बारिश हुई। फ्लाईओवर और व्यस्त चौराहों पर पानी में डूबी गाड़ियों के वायरल वीडियो सामने आने के बाद, शहर के निवासियों ने बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट की मांग उठाई है, ताकि हर मॉनसून में उन्हें ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।