महाराष्ट्र के एक IAS अधिकारी ने कैसे देशभर में छेड़ दी दूषित खाने के खिलाफ जंग?
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी तुकाराम मुंढे इन दिनों देशभर में छाए हुए हैं। उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने दूषित खाने-पीने को लेकर जंग छेड़ रखी है। महाराष्ट्र के जाने-माने रेस्तराओं से लेकर सड़क किनारे चलने वाले ठेले भी मुंढे की कार्रवाई का शिकार हुए हैं। उनकी पहल के बाद अब देश के कई राज्यों में इसी तरह की कार्रवाई हो रही है।
कार्रवाई
महंगे-महंगे रेस्तरां से लेकर ठेलों तक पर कार्रवाई
मुंढे ने इसी साल 25 मई को FDA का कार्यभार संभाला था। इसके बाद से उनकी कार्रवाई का दायरा महंगे क्लबों और होटलों से लेकर ठेलों तक फैला हुआ है।
यहां तक कि ब्लिंकिट, जोमैटो जैसे ऑनलाइन खाना डिलीवर करने वाले प्लेटफॉर्म पर भी कार्रवाई हुई है।
उनके नेतृत्व में FDA ने महाराष्ट्र में 1,100 से अधिक निरीक्षण किए हैं। इस दौरान 50 करोड़ रुपये मूल्य का खाद्य भंडार जब्त किया, जिसमें 1.6 लाख लीटर मिलावटी दूध शामिल है।
ऑडिट
मुंढे के आने से पहले नकली ऑडिट करा रहे रेस्तरां
मुंढे की कार्रवाई का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि रेस्तराओं ने एक अजीब कदम उठाना शुरू कर दिया है।
न्यूज18 के मुताबिक, FSSAI और FDA के पूर्व अधिकारियों को रेस्तरां अनुरोध कर रहे हैं कि मुंढे के आने से पहले वे उनके यहां नकली ऑडिट करें, ताकि कमियां पकड़ी जा सकें।
FSSAI के पूर्व अधिकारी धीरज वानखेड़े ने बताया कि होटलें छापेमारी से पहले खामियों का पता लगाने के लिए उनके जैसे लोगों की तलाश कर रही हैं।
कर्नाटक
बेंगलुरु में लग्जरी होटलों में मिले कॉकरोच
महाराष्ट्र में कार्रवाई को देखते हुए कर्नाटक FDA भी सक्रिय हुआ। 7 अगस्त को FDA ने बेंगलुरु के 26 तीन सितारा और 5 सितारा होटलों पर छापा मारा।
इस दौरान होटलों से 200 किलोग्राम से ज्यादा एक्सपायर्ड मांस, मछली और सब्जियां जब्त की गईं।
ललित अशोक, शांगरी-ला, फोर सीजंस, विवांता बेंगलुरु व्हाइटफील्ड और ताज जैसी जानी-मानी होटलों में कई गड़बड़ियां सामने आईं।
इसके बाद जेप्टो और इंदिरा कैंटीन पर भी कार्रवाई हुई।
गुजरात
गुजरात में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध, मध्य प्रदेश भी लगाएगा
गुजरात ने 5 अगस्त से गैर-मानकीकृत एनालॉग पनीर, चीज और मक्खन के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। ये ऐसे उत्पाद हैं, जिनमें दूध की वसा की जगह वनस्पति वसा का इस्तेमाल किया जाता है। ये एकदम असली पनीर की तरह ही दिखता है। ऐसा करने वाला गुजरात देश का तीसरा राज्य है।
इसके बाद मध्य प्रदेश सरकार ने भी घोषणा की है कि वो भी एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने जा रही है।
तेलंगाना
तेलंगाना में 246 टन मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त
तेलंगाना की खाद्य नियामक इकाई ने मार्च से अब तक 659 छापे मारे हैं, 202 FIR दर्ज की हैं और लगभग 246 टन मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किया है। इसमें 25,000 किलोग्राम से मसाले भी शामिल हैं, जिनमें केमिकल, पाउडर और कलर मिलाया गया था।
इसी तरह तमिलनाडु ने 44,000 से ज्यादा सैंपल लिए हैं, जिनमें से 857 सैंपल गुणवत्ता के मानकों पर विफल रहे।
इसी तरह की कार्रवाई कई और राज्यों ने भी की है।