Loading...
बेंगलुरु की 5-सितारा होटलों में गंदगी का अंबार, सड़ा मांस और फफूंद लगी सब्जियां मिलीं
बेंगलुरु की कई प्रसिद्ध होटलों में खराब और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिले हैं

बेंगलुरु की 5-सितारा होटलों में गंदगी का अंबार, सड़ा मांस और फफूंद लगी सब्जियां मिलीं

लेखन आबिद खान
Aug 08, 2026
10:13 am

क्या है खबर?

आमतौर पर 5-सितारा होटलों को साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता के लिए जाना जाता है, लेकिन बेंगलुरु की कई नामी होटलों में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं। इन होटलों में जांच के दौरान एक्सपायर्ड दूध, सड़ा हुआ मांस और फफूंद लगी सब्जियां मिलीं। कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) ने इन आलीशान होटलों पर छापा मारा है। अब खाद्य पदार्थों के 35 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।

कार्रवाई

26 होटलों में एक साथ मारे गए छापे

FSDA ने बेंगलुरु के 26 तीन सितारा और 5 सितारा होटलों का निरीक्षण किया। विभाग ने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की 30 टीमों ने शुक्रवार को बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में निरीक्षण किया।

छापेमारी में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां उजागर हुईं, जिनमें रसोई और खाद्य भंडारण क्षेत्रों में अस्वच्छता, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और खाद्य पदार्थों का अनुचित भंडारण शामिल हैं।

अधिकारियों को फफूंद लगी सब्जियां और खाद्य पदार्थ भी मिले।

खाद्य पदार्थ

एक साथ रखे गए शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ

अधिकारियों ने यह भी पाया कि कुछ होटलों में शाकाहारी और मांसाहारी खाने अलग-अलग नहीं रखा गया था।

इसके अलावा गलत लेबलिंग, खाद्य पदार्थों की गलत ब्रांडिंग और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के अनिवार्य लेबलिंग नियमों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए हैं।

अधिकारियों ने संबंधित होटलों को नोटिस जारी कर कहा कि उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भारी मात्रा में असुरक्षित या एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट भी किया गया।

ADVERTISEMENT

होटलें

इन प्रसिद्ध होटलों में सामने आईं गड़बड़ियां

ललित अशोक (एनेक्स साउथ) में अधिकारियों ने 76 किलोग्राम मांस और 200 किलोग्राम सब्जियां जब्त कीं। 32 लीटर एक्सपायर्ड दूध भी नष्ट किया गया।

शांगरी-ला में 15 किलोग्राम, जबकि फोर सीजंस में 19 किलोग्राम मांस जब्त किया गया।

विवान्ता बेंगलुरु व्हाइटफील्ड से 3 किलोग्राम एक्सपायर्ड बेकरी उत्पाद और ताज यशवंतपुर से 72 किलोग्राम मांस जब्त किया।

रेडिसन ब्लू (द एट्रिया) में चिकन, मांस, मछली और सब्जियों सहित 105 किलोग्राम एक्सपायर्ड भोजन नष्ट किया गया।

ADVERTISEMENT

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र FDA भी लगातार कर रहा कार्रवाई

बेंगलुरु में ये कार्रवाई ऐसे वक्त सामने आई है, जब महाराष्ट्र में IAS तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में FDA लगातार छापे मार रहा है। मुंबई समेत राज्य के कई इलाकों में प्रसिद्ध होटलों, क्लबों और रेस्तराओं में लापरवाही सामने आने के बाद लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

साथ ही गुटखा और मिलावटी पनीर जैसी चीजों को लेकर भी कड़ी कार्रवाई जारी है, जिससे पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मचा हुआ है।

ADVERTISEMENT