Page Loader
मेहुल चोकसी ने बेल्जियम में ली शरण, क्या वहां से भारत प्रत्यर्पण होगा मुश्किल?
मेहुल चोकसी ने बेल्जियम में शरण ले ली है

मेहुल चोकसी ने बेल्जियम में ली शरण, क्या वहां से भारत प्रत्यर्पण होगा मुश्किल?

लेखन आबिद खान
Mar 26, 2025
06:58 pm

क्या है खबर?

भगोड़े हीरा कारोबारी और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी ने अब बेल्जियम में शरण ले ली है। बेल्जियम की सरकार ने इसकी पुष्टि की है। साथ ही सरकार ने ये भी कहा कि वो मामले की अहमियत समझते हुए करीब से नजर बनाए हुए है और खास जानकारी के बारे में सूचित करेगी। आइए जानते हैं क्या बेल्जियम से मेहुल चोकसी का प्रत्यर्पण मुश्किल होगा।

सरकार का बयान

बेल्जियम की सरकार ने मेहुल के बारे में क्या कहा?

समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, बेल्जियम की फेडरल पब्लिक सर्विस (FPS) में सोशल मीडिया और प्रेस के प्रवक्ता डेविड जॉर्डन्स ने कहा, "मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि FPS विदेश सेवा को को इस (मेहुल की मौजूदगी) बारे में पता है और इसे बहुत अहमियत देता है। हालांकि, हम किसी एक मामले पर टिप्पणी नहीं करते। इसके अलावा, यह मामला फेडरल पब्लिक सर्विस जस्टिस के तहत आता है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।"

स्थिति

बेल्जियम में कहा हैं मेहुल?

मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मेहुल अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ इस समय बेल्जियम के एंटवर्प में रह रहा है। चोकसी ने बेल्जियम का 'F रेजीडेंसी कार्ड' भी हासिल कर लिया है। एसोसिएट्स टाइम्स ने बताया कि मेहुल की पत्नी के पास बेल्जियम की नागरिकता है और प्रीति की मदद से ही मेहुल ने 15 नवंबर, 2023 को बेल्जियम में रहने का वीजा हासिल कर लिया है।

F कार्ड

फर्जी दस्तावेजों के जरिए हासिल किया F रेजीडेंसी कार्ड

एसोसिएट्स टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि मेहुल ने प्रत्यर्पण से बचने की कोशिश करते हुए गुमराह करने वाले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेल्जियम का F रेजीडेंसी कार्ड हासिल किया है। इसके लिए मेहुल ने भारत और एंटिगुआ की अपनी नागरिकता की जानकारी अधिकारियों से छिपाई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मेहुल कैंसर के इलाज के लिए स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहा है।

प्रत्यर्पण

क्या अब मेहुल का भारत प्रत्यर्पण होगा मुश्किल?

भारत का बेल्जियम के साथ प्रत्यर्पण समझौता है, लेकिन जानकार मान रहे हैं कि प्रक्रिया अब जटिल हो सकती है। दरअसल, बेल्जियम की नागरिकता मिलने के बाद मेहुल को कई यूरोपीय देशों में बिना बाधा आने-जाने का अधिकार मिल जाएगा। ऐसे में वह प्रत्यर्पण की खबर मिलते ही देश बदल सकता है, जिससे उनका भारत प्रत्यर्पण और जटिल हो सकता है। इसके साथ ही बेल्जियम दोहरी नागरिकता का विकल्प भी देता है।

आरोप

मेहुल पर क्या है आरोप?

मेहुल और उसके भांजे नीरव मोदी पर PNB से 13,500 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है। घोटाला सामने आने के बाद चोकसी भारत छोड़कर भाग गया था और एंटीगुआ और बारबूडा में रह रहा था। मई, 2021 में एंटीगुआ से पड़ोसी देश डोमिनिका पहुंचने पर मेहुल को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस बीच नीरव मोदी भी देश से भाग गया और उसे 2021 में लंदन में गिरफ्तार किया गया। फिलहाल वो वहां जेल में बंद हैं।