Page Loader
जम्मू-कश्मीर में सेना ने 48 घंटे में कैसे मार गिराए 6 आतंकी? जानकारी आई सामने
जम्मू-कश्मीर में 48 घंटे में 6 आतंकी मारे गए हैं

जम्मू-कश्मीर में सेना ने 48 घंटे में कैसे मार गिराए 6 आतंकी? जानकारी आई सामने

लेखन आबिद खान
May 16, 2025
06:25 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर में पिछले 48 घंटों में 6 आतंकवादी मारे गए हैं। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान में आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकवादियों में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शामिल हैं। सेना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां और त्राल इलाकों में 2 ऑपरेशन किए गए, जिसमें कुल 6 आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है। आइए जानते हैं कैसे ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

आंतकी

मरने वालों में 3 लश्कर और 3 जैश के आतंकी

13 मई को किए गए ऑपरेशन में लश्कर के 3 आतंकी- अदनान शफी डार, शाहिद अहमद कुटे और एहसान अहमद शेख मारे गए। डार और कुटे शोपियां, जबकि अहमद पुलवामा का रहने वाला था। वहीं, 15 मई को हुई कार्रवाई में जैश का आसिफ अहमद शेख, आमीर नजीर वानी और यावर अहमद भट मारा गया। आसिफ अवंतिपोरा, जबकि वानी और यावर पुलवामा के रहने वाले थे। ये सभी उन 14 स्थानीय आतंकियों में से थे, जिनकी सुरक्षाबलों को तलाश थी।

ऑपरेशन

कैसे चलाए गए ऑपरेशन?

ऑपरेशन की जानकारी देते हुए विक्टर फोर्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल धनंजय जोशी ने बताया, "12 मई को केलार के ऊंचे इलाकों में एक आतंकवादी समूह की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली थी। 13 मई की सुबह कुछ हलचल का पता चलने पर अधिकारियों ने आतंकवादियों को चुनौती दी, जिन्होंने जवाबी गोलीबारी की। इसके बाद सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया।" उन्होंने कहा कि मुठभेड़ ऊंचाई पर हुई और ऑपरेशन आसान नहीं था।

दूसरा ऑपरेशन

ऑपरेशन के दौरान ग्रामीणों को बचाने की थी चुनौती- सेना

मेजर जनरल धनंजय ने कहा, "त्राल इलाके में दूसरा ऑपरेशन सीमावर्ती गांव में किया गया। जब हम घेराबंदी कर रहे थे तो आतंकवादी घरों में छिप गए और हम पर गोलीबारी की। हमारे सामने आम लोगों को बचाने की चुनौती थी। इसके बाद 3 आतंकवादियों को मार गिराया गया। मारे गए 6 आतंकवादियों में से एक शाहिद कुट्टे 2 बड़े हमलों में शामिल था। उसने एक जर्मन पर्यटक पर भी हमला किया था।"

सेना का बयान

सेना ने कहा- स्थानीय लोगों की मदद के बिना ऑपरेशन मुमकिन नहीं था

सेना ने कहा, "सुरक्षाबलों ने सावधानी से दोनों जगह आतंकियों को मारा। हमारे पास इनकी पुख्ता जानकारी थी। सभी सुरक्षाबलों के बीच का समन्वय अच्छा था और ये ऑपरेशन उसका प्रमाण हैं। आने वाले समय में भी ये समन्वय बना रहेगा। जम्मू और कश्मीर से आतंकवाद का सफाया कर देंगे। हम लोगों का भी धन्यवाद करते हैं, क्योंकि उनके सहयोग के बिना इस तरह की सफलता मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन थी।

शाहीद

मारे गए आतंकियों के बारे में जानिए

शाहिद अहमद कुट्टे शोपियां के हीरपोरा का रहने वाला था। 8 अप्रैल, 2024 को उसने 2 जर्मन पर्यटकों पर गोलीबारी की थी। शाहिद ने 18 मई, 2024 को भाजपा के सरपंच एजाज अहमद शेख की हत्या की थी। वहीं, अदनान शफी डार शोपियां के जैनपोरा का रहने वाला था। वो बिहार की एक मजदूर की हत्या में शामिल रहा था। त्राल में मारे गए आतंकी नजीर वानी का अपनी मां से बात करते हुए आखिरी वीडियो भी सामने आया है।