त्रिपुरा में बारिश ने मचाई तबाही: 2,500 से ज्यादा बेघर, कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर
देश
त्रिपुरा में लगातार हो रही बारिश ने 2,500 से भी ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया है। ये सभी परिवार अब धलाई और खोवाई जिलों में बने राहत शिविरों में शरण ले रहे हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के घायल होने या जान जाने की कोई सूचना नहीं मिली है।
300 घर प्रभावित, नदियां खतरे के निशान से ऊपर
बारिश के कारण करीब 300 घर प्रभावित हुए हैं; इनमें से कुछ पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं, जबकि कई को भारी नुकसान पहुंचा है। खोवाई, धलाई, मनु और मुहुरी जैसी कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का जोखिम बढ़ गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक-दो दिनों में और भारी बारिश हो सकती है, ऐसे में बाढ़ का खतरा अभी बना हुआ है।