भारत का कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार, नीरज फरीदपुरिया भी पकड़ा गया
क्या है खबर?
हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। हिमांशु भारत के सबसे वांछित भगोड़ों में से एक है। इंटरपोल ने उसके खिलाफ 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। बताया जा रहा है कि अमेरिका में संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने उसे गिरफ्तार किया है। उसके साथ ही एक और गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिकी जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले
हिमांशु पर 30 से ज्यादा मामले दर्ज
हिमांशु पर दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे करीब 30 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस को उसकी तलाश थी।
2022 में उसने हरियाणा में 24 घंटे के भीतर 3 हत्याओं को अंजाम दिया था। इसके बाद हिमांशु चर्चा में आया था। 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी की भी उसने जिम्मेदारी ली थी।
परिचय
कौन हैं हिमांशु भाऊ?
हिमांशु का असली नाम हिमांशु रितोलिया है। वह हरियाणा के रोहतक जिले के रितोली गांव का रहने वाला है। उसने विदेश में रहते हुए दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में एक आपराधिक नेटवर्क बना रखा है।
उसका गिनती हरियाणा के संगठित अपराध नेटवर्क से उभरने वाले सबसे कम उम्र के गैंगस्टरों में होती है। बताया जाता है कि 17 साल की उम्र में ही उसके खिलाफ पहली FIR दर्ज हुई थी।
घटनाएं
कई चर्चित मामलों में सामने आया हिमांशु का नाम
दिल्ली-हरियाणा में कई हाई-प्रोफाइल गोलीबारी और हत्या के मामलों में हिमांशु का नाम सामने आया है।
इनमें दिल्ली में बर्गर किंग आउटलेट में हुई हत्या, यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर गोलीबारी और अन्य हमले शामिल हैं।
2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर 3 हत्याओं के बाद वो एजेंसियों की नजर में आ गया।
हाल ही में, दिल्ली के बाहरी इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में भी हिमांशु गैंग के सदस्यों से पूछताछ की गई थी।
नीरज का परिचय
कौन है नीरज फरीदपुरिया?
नीरज पर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हत्या, रंगदारी जैसे 25 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
उसे 2012 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। 2015 में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी, लेकिन 2019 में जमानत मिल गई। इसके बाद वो विदेश भाग गया।
2024 में दिल्ली में एक युवक की हत्या, 2019 में फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या और एल्विश यादव के घर गोलीबारी में उसका नाम सामने आया था।