रोहतक के बाजार में जूते की दुकाना में फटा AC कंप्रेसर, 3 लोगों की मौत
रोहतक के D-पार्क इलाके में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में 3 लोगों की जान चली गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह आग जूतों की एक दुकान में AC कंप्रेसर फटने से शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने आसपास की 9 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त कई ग्राहक इन दुकानों के अंदर फंसे हुए थे। आग लगने की खबर मिलते ही रोहतक और पड़ोसी जिलों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम ने घटनास्थल से 3 शव बरामद किए हैं। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। यह हादसा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुआ। इसलिए आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियातन वहां से हटा दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी की। वहीं, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और पीड़ितों के परिवारों के साथ-साथ प्रभावित दुकानदारों की हर संभव मदद करने की अपील की।