Page Loader
महाराष्ट्र: छत्रपति संभाजीनगर स्थित फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत
छत्रपति संभाजीनगर में रविवार तड़के एक दस्ताने बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई है ( प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्साबे)

महाराष्ट्र: छत्रपति संभाजीनगर स्थित फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत

लेखन नवीन
Dec 31, 2023
09:20 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में साल के आखिरी दिन दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां छत्रपति संभाजीनगर में रविवार तड़के दस्ताने बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। आग की चपेट में आकर झुलसे मजदूरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाले मजदूरों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।

रिपोर्ट्स

फैक्ट्री के अंदर सो रहे थे 15-20 मजदूर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फैक्ट्री महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) के वालुज क्षेत्र में स्थित है। यहां काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्री में रात 2:00 बजे के आसपास आग लगी। तब काम बंद था और अंदर 10-15 मजदूर अंदर सो रहे थे। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में अचानक आग की लपटें देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन 5-6 लोग अंदर ही फंसे रह गए।

बयान

दमकलकर्मियों को मिले 6 मजदूरों के शव

ANI से बात करते हुए दमकल विभाग के अधिकारी मोहन मुंगसे ने कहा, "हमें 2:15 बजे आग लगने की सूचना मिली। जब हम साइट पर पहुंचे तो आग पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी थी।" उन्होंने कहा, "हमारे दमकलकर्मी फैक्ट्री के अदंर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी लोग दम तोड़ चुके थे। हमने 6 शव बरामद किए हैं। आग बुझाने का काम जारी है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।"

पुष्टि

मरने वालों मजदूरों की अभी नहीं हो पाई शिनाख्त

दमकल विभाग के अधिकारियों ने फैक्ट्री में आग की घटना में 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक आग त्रासदी में मरने वालों मजदूरों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इस बीच आग बुझाने का काम जारी है और आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग की चपेट में आकर झुलसे मजदूरों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौत

नवंबर में भी 7 मजदूरों ने गंवाई थी जान

नवंबर में भी महाराष्ट के रायगढ़ में स्थित एक दवा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य कर्मचारी भी घायल हो गए थे। तब राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने बचाव कार्य के लिए मोर्चा संभाला था और महाराष्ट्र सरकार के उद्योग मंत्री उदय सामंत भी राहत-बचाव कार्य का जायजा लेने मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को घटना के जांच के आदेश भी दिए थे।