Page Loader
किसान तीसरी बार भी पार नहीं कर सके शंभू बार्डर, अब 18 दिसंबर को रोकेंगे रेल
ये तस्वीर 6 दिसंबर को हुए किसानों के दिल्ली कूच की है (तस्वीर-एक्स/@FarmStudioz)

किसान तीसरी बार भी पार नहीं कर सके शंभू बार्डर, अब 18 दिसंबर को रोकेंगे रेल

लेखन आबिद खान
Dec 14, 2024
07:30 pm

क्या है खबर?

पंजाब-हरियाणा सीमा पर पिछले 9 महीने से बैठे किसानों ने आज तीसरी बार दिल्ली कूच करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। 101 किसानों के जत्थे को आज हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर रोक दिया और आंसू गैस के गोले दागे। इस दौरान करीब 10 किसान घायल भी हुए। इसके बाद किसान नेताओं ने कूच स्थगित कर जत्थे को वापस बुला लिया और अगली रणनीति का ऐलान किया है।

मार्च

16 दिसंबर को ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे किसान

किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा, "16 दिसंबर को पंजाब को छोड़कर पूरे देश में ट्रैक्टर मार्च निकाले जाएंगे। 18 दिसंबर को पंजाब में 12 बजे से 3 बजे तक रेल रोको अभियान चलाया जाएगा। 18 तक कोई जत्था दिल्ली कूच नहीं करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 101 किसानों के जत्थे पर बल प्रयोग किया। घघर नदी का रसायन वाले पानी का इस्तेमाल किया। हमारे मंच और खेतों में आंसू गैस के गोले फेंके।"

किसान रोके गए 

आज तीसरी बार रोके गए किसान

6 दिसंबर को भी शंभू बॉर्डर से किसानों ने दिल्ली कूच शुरू किया था। किसानों ने बैरिकेडिंग और नुकीले तार उखाड़ दिए थे। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे थे, जिनमें 7 किसान घायल हो गए थे। 8 दिसंबर को फिर किसान दिल्ली की ओर बढ़े। तब भी हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर किसानों को खदेड़ दिया था। हंगामा बढ़ने पर किसानों ने मार्च स्थगित कर दिया था।