मिजोरम की लंगलेई जेल से फर्जी दस्तावेजों के दम पर 16 कैदी 'रिहा'
मिजोरम से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। पिछले कुछ महीनों के दौरान लंगलेई जेल से 16 कैदी फर्जी अदालती कागजातों की मदद से बाहर निकल गए।
यह धांधली इस साल जनवरी में शुरू हुई थी, लेकिन इसका भंडाफोड़ तब हुआ जब अदालती अधिकारियों ने कागजातों में कुछ गड़बड़ी पकड़ी। इस गड़बड़ी का पता चलते ही 25 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
मुख्य आरोपी की पहचान हुई
पुलिस ने अब तक भाग चुके 13 कैदियों को फिर से धर दबोचा है, लेकिन 2 अभी भी फरार हैं और एक की जेल से बाहर मौत हो चुकी है। जांच में सामने आया है कि 22 वर्षीय जेरेमिया लालथांगथुरा इस पूरी साजिश का मुख्य सरगना है। उसने कैदियों का विश्वास जीता और जेल के कुछ भीतर के कर्मचारियों की मदद से इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। मामले की जांच अभी भी जारी है, ऐसे में पुलिस को जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।