सुरंग हादसे पर घिरी केरलम सरकार, वायनाड समिति ने ठेकेदार को दोषी मानना बताया अस्वीकार्य
कल्लाडी सुरंग स्थल पर मलबा बहने की घटना के बाद वायनाड प्रकृति संरक्षण समिति के पर्यावरणवादी केरलम सरकार की आलोचना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इस परियोजना को बिना किसी सही वैज्ञानिक जांच के जल्दबाजी में शुरू कर दिया गया था और उनकी चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया। समिति ने कृषि मंत्री टी सिद्दीकी के उस बयान को भी सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने सिर्फ ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की थी। उन्होंने साफ कहा कि उनका यह जवाब स्वीकार्य नहीं है।
वायनाड समिति ने की निर्माण कार्य रुकवाने और जांच की मांग
समिति ने कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन की प्रोजेक्ट रिपोर्ट में पारदर्शिता की कमी पर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि परियोजना की रफ्तार बढ़ाने के चक्कर में सुरक्षा के नियमों को ताक पर रख दिया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अपनी आवाज उठाने के लिए उन्हें बदनाम करने और डराने-धमकाने का सामना करना पड़ा है। अब उन्होंने मुख्यमंत्री वीडी सतीशन से अपील की है कि जब तक एक स्वतंत्र समीक्षा नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य को रोक दिया जाए।