एयर इंडिया एक्सप्रेस के 4 पायलट समेत 8 क्रू सदस्य निलंबित, जानिए क्या है कारण
एयर इंडिया एक्सप्रेस के 8 क्रू सदस्यों को, जिनमें 4 पायलट और 4 केबिन क्रू शामिल थे, पोस्ट-फ्लाइट ब्रेथलाइजर टेस्ट में चूक करने के बाद 3 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
यह घटना 2 अगस्त को हुई, जब उनकी दुबई से अमृतसर वाली फ्लाइट लैंड हुई। भले ही सभी ने शराब नहीं पीने का टेस्ट पास कर लिया था, लेकिन नियमों के मुताबिक यह टेस्ट लैंडिंग के 2 घंटे के भीतर हो जाना चाहिए। इन क्रू मेंबर्स को टेस्ट कराने में 35 मिनट की देरी हो गई थी।
नियमों का हवाला देकर 3 महीने का निलंबन
भारत की एविएशन अथॉरिटी DGCA उड़ानों की सुरक्षा और उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए इन समय-सीमाओं को लेकर काफी सख्त है।
एक सूत्र ने बताया कि क्रू मेंबर्स लैंडिंग के 2 घंटे 35 मिनट बाद ब्रेथलाइजर टेस्ट के लिए लौटे थे। हालांकि, वे सभी अल्कोहल टेस्ट में नेगेटिव पाए गए, लेकिन DGCA के नियमों का उल्लंघन करने के कारण उन्हें 3 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया।
यह घटना याद दिलाती है कि हवाई यात्रा में सुरक्षा नियमों का अक्षरशः पालन करना कितना जरूरी है।