LOADING...
अनिल अंबानी के रिलायंस पावर से जुड़े मुंबई-हैदराबाद में 12 ठिकानों पर ED का छापा
अनिल अंबानी के रिलायंस पावर से जुड़े ठिकानों पर ED का छापा

अनिल अंबानी के रिलायंस पावर से जुड़े मुंबई-हैदराबाद में 12 ठिकानों पर ED का छापा

लेखन गजेंद्र
Mar 06, 2026
12:11 pm

क्या है खबर?

रिलायंस समूह के प्रमुख और उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) और उससे जुड़ी कंपनियों के परिसरों पर बड़ा छापा मारा। बताया जा रहा है कि करीब 15 टीम ने मुंबई और हैदराबाद में एक साथ 12 जगहों पर छापा मारा है। ED की यह कार्रवाई बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच में की जा रही है।

छापा

रिलायंस पावर से जुड़े संदिग्ध लेन-देन और फंड ट्रांसफर में जांच

ED से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि यह छापा रिलायंस पावर से जुड़े संदिग्ध फंड ट्रांसफर और लेन-देन के मामले में चल रही जांच का हिस्सा है। ED की टीम आरकॉम के पूर्व निदेशकों, सहयोगियों और संबंधित व्यक्तियों के आवासों और कार्यालयों पर छापा मारने के लिए पहुंची थी। बता दें कि अनिल अंबानी पर 40,000 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है, जिसके चलते उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

जांच

मुंबई का आलीशान बंगला हो चुका है जब्त

ED अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को छापेमारी में कार्यालयों-आवासों से कई दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य सबूत जब्त किए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले ED ने 3,716 करोड़ रुपये की कीमत वाले अनिल के मुंबई स्थित आलीशान आवास 'अबोड' को जब्त किया था। इससे पहले उनकी 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त हो चुकी है। फरवरी में उनसे 9 घंटे पूछताछ हुई थी। यह कार्रवाई यस बैंक समेत अन्य बैंकों के आरोपों पर आधारित है।

Advertisement