LOADING...
पश्चिम बंगाल: PDS घोटाले में ED ने 9 ठिकानों पर मारे छापे
ED ने पश्चिम बंगाल के PDS घोटाले में 9 ठिकानों पर छापा मारा है

पश्चिम बंगाल: PDS घोटाले में ED ने 9 ठिकानों पर मारे छापे

लेखन आबिद खान
Apr 25, 2026
12:27 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी जारी है। आज ED ने कोलकाता समेत 9 जगहों पर छापा मारा है। ये कार्रवाई पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े राशन घोटाले में की गई है। ये ठिकाने मुख्य रूप से आपूर्तिकर्ताओं और निर्यातकों से जुड़े हैं, जिनमें निरंजन चंद्र साहा का परिसर भी शामिल है। ED ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की है।

छापा

कहां-कहां मारे गए छापे?

ED की कोलकाता जोनल टीम ने कोलकाता, बर्धमान और हाबडा में 9 ठिकानों पर छापा मारा है। हाबड़ा में 3 चावल व्यापारियों के घरों पर छापा मारा गया है। इनके नाम सागर साहा, पार्थ साहा और राजीव साहा हैं। सागर साहा का आवास हाबड़ा के श्रीनगर, जबकि राजीव साहा और पार्थ साहा देशबंधु पार्क के पास सुभाष रोड पर रहते हैं। कुछ ठिकाने निरंजन चंद्र साहा और उससे जुड़े सप्लायर्स व एक्सपोर्टर्स से भी जुड़े हैं।

मामला

क्या है घोटाला?

ED के अनुसार, यह मामला अक्टूबर 2020 में घोड़ाडांगा लैंड कस्टम स्टेशन पर तैनात डिप्टी कमिश्नर की शिकायत पर बशीरहाट पुलिस द्वारा दर्ज किया गया था। आरोप है कि सरकारी गेहूं को आपूर्तिकर्ताओं, लाइसेंस प्राप्त वितरकों, डीलरों और बिचौलियों की मिलीभगत से गायब किया गया और अवैध रूप से गोदामों में जमा कर दिया गया। गेहूं को FCI के असली बोरों की जगह नए बोरों में भर दिया जाता था, फिर खुले बाजार में वैध माल बताकर बेचा जाता था।

Advertisement