उत्तर प्रदेश: एटा में ट्रक से टकराई डबल डेकर बस, 2 लोगों की मौत
देश
उत्तर प्रदेश के एटा में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। वहां वाराणसी से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस ITI ओवरब्रिज के पास खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बस चालक प्रेम (35) और परिचालक दीपक (21) की मौत हो गई। बस में सवार कुल 45 यात्रियों में से 27 लोग घायल हुए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस नींद को बताया हादसे का कारण
चालक और परिचालक के शवों को निकालने के लिए बचाव टीम को बस के क्षतिग्रस्त केबिन को काटना पड़ा। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पहले से ही एक हादसे के बाद वहां खड़ा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को गाड़ी चलाते समय नींद आ गई थी। इस व्यस्त हाईवे पर यातायात अब सामान्य हो गया है। हालांकि, हादसे की जांच फिलहाल जारी है।