DMRC ने 2028 तक 'गोल्डन लाइन' शुरू करने की बनाई योजना, दिल्ली को मिलेगी ट्रैफिक से आजादी
दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, खासकर उनके लिए जो सफर को आसान बनाना चाहते हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज मेट्रो कॉरिडोर पर काम की रफ्तार बढ़ा दी है और इसे 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यह नई लाइन एक बार तैयार हो गई, तो नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा बेहद आसान हो जाएगी। अब लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। यह कॉरिडोर 'गोल्डन लाइन' प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जो फेज V(A) विस्तार पैकेज के तहत आता है। इस प्रोजेक्ट को साल 2025 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिल गई थी।
DMRC ने तीन स्टेशनों के लिए 2.4 करोड़ रुपये का अनुबंध निकाला
DMRC ने 3 अहम स्टेशनों सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज इंटरचेंज स्टेशन के डिजाइन तैयार करने के लिए विशेषज्ञों से आवेदन मांगे हैं। यह 2.4 करोड़ रुपये का अनुबंध 4 साल के लिए है, जिसमें इन सभी स्टेशनों की पूरी आर्किटेक्चरल प्लानिंग का काम शामिल है। इस कॉरिडोर पर निर्माण कार्य 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। जब यह लाइन शुरू हो जाएगी, तो दक्षिण-पूर्व दिल्ली में सड़क पर लगने वाला जाम कम होगा और पूर्व से पश्चिम की ओर कनेक्टिविटी बेहतर होगी।