हाई कोर्ट में सुनवाई, अधिकारी निलंबित और मकान मालिक गिरफ्तार; दिल्ली इमारत हादसे में क्या-क्या हुआ?
क्या है खबर?
दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत गिरने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 7 हो गया है। इनमें 5 छात्र शामिल हैं। बचाव अभियान को 24 घंटे से ज्यादा समय बाद खत्म कर दिया गया है। इस बीच आज पुलिस ने फरार इमारत मालिक को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दिल्ली नगर निगम के 5 अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। आइए आज के बड़े घटनाक्रम जानते हैं।
हाई कोर्ट
हाई कोर्ट ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए
दिल्ली हाई कोर्ट ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
कोर्ट ने घटना को 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' बताते हुए कहा कि शहर के बाहर से पढ़ने आने वाले छात्रों के लिए छात्रावास की सुविधाएं दयनीय स्थिति में हैं।
हाईकोर्ट ने दिल्ली विश्वविद्यालय, MCD, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
कोर्ट ने MCD को सभी PG का एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया है।
टिप्पणी
कोर्ट ने कहा- अगर अधिकारी सतर्क रहते तो शायद घटना न होती
कोर्ट ने कहा कि अगर अधिकारी सतर्क रहते और अपने वैधानिक कर्तव्यों का उचित निर्वहन करते, तो प्रथम दृष्टया ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बचा जा सकता था।
कोर्ट ने MCD से हलफनामा दाखिल करने को कहा है, जिसमें यह बताया जाएगा कि PG और होटलों को नियंत्रित करने वाले कोई वैधानिक या कार्यकारी नियम हैं या नहीं।
दिल्ली विश्वविद्यालय से भी छात्रावासों की जानकारी मांगी गई है।
इस मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी।
मालिक
इमारत मालिक राजस्थान से गिरफ्तार
पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। वो घटना के बाद से ही फरार था और उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।
पुलिस उसे उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में तलाश रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), धारा 290 (इमारतों के निर्माण, मरम्मत या रखरखाव में लापरवाही) और धारा 125(a) (लापरवाही से जान को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
MCD
MCD के 5 अधिकारी निलंबित
घटना के बाद इसके बाद MCD के दक्षिण जोन के 5 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इनमें दक्षिण उपायुक्त राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता रणवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता (भवन) ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता (भवन) सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर (भवन निर्माण) आशीष कुमार शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि 4 मंजिल से ज्यादा वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा।
इमारतें
पूरी दिल्ली में 5 मंजिला इमारतों को सील करने के आदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय ने कहा, "सत्य निकेतन की घटना के बाद सख्त और व्यापक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पूरी दिल्ली में 5वीं मंजिल वाली इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश दिया गया है। आसपास के PG और दूसरी इमारतों की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इमारत को तुरंत सील कर दिया जाएगा। दिल्ली सरकार इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है।"