Loading...
NIA बोली- लाल किला धमाका आत्मघाती हमला था, उमर ने कार के अंदर IED सक्रिय किया
दिल्ली कार धमाके को लेकर NIA की चार्जशीट सामने आई है (फाइल तस्वीर)

NIA बोली- लाल किला धमाका आत्मघाती हमला था, उमर ने कार के अंदर IED सक्रिय किया

लेखन आबिद खान
Sep 09, 2026
05:23 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के लाल किले के नजदीक हुए धमाके को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की चार्जशीट सामने आई है। इसमें कहा गया है कि 10 नवंबर, 2025 को हुआ हुआ ये धमाका एक आत्मघाती बम हमला था। एजेंसी ने कहा कि कार चला रहे आरोपी उमर नबी ने कार के अंदर रहते हुए ही IED को सक्रिय कर दिया था। चार्जशीट में हमले से जुड़े कथित अंसार गजवत-उल-हिंद (AGUH) मॉड्यूल का भी जिक्र है।

रिपोर्ट

NIA बोली- आरोपी चरमपंथी सामग्री से प्रभावित थे

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, NIA ने चार्जशीट में कहा, "आरोपी उमर उन नबी विस्फोट के समय कार के अंदर था और उसने उपर्युक्त कमांड तंत्र का उपयोग करके IED को सक्रिय किया था।"

चार्जशीट में यह भी कहा गया है कि आरोपी कथित तौर पर चरमपंथी सामग्री से प्रभावित थे और तथाकथित 'लोन मुजाहिद पॉकेट बुक/हाउ टू बिकम एन असैसिन' का अनुसरण कर रहे थे, जिसे एजेंसी ने अरब प्रायद्वीप में अल-कायदा (AQAP) से जुड़ा मैनुअल बताया है।

सामग्री

चार्जशीट में बरामद सामग्री का भी जिक्र

चार्जशीट के अनुसार, आतंकियों से बरामद दस्तावेजों में विस्फोटक, हथियार, गुप्त अभियान और IED से संबंधित सामग्री थी।

NIA ने कहा कि इसमें TATP और रिमोट-कंट्रोल्ड विस्फोटों के संदर्भों के साथ-साथ युद्ध, निगरानी, ​​भागने और अन्य गुप्त गतिविधियों से संबंधित सामग्री भी शामिल थी।

एक प्रचार दस्तावेज का भी जिक्र है, जिसमें निरंतर सशस्त्र संघर्ष और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के हिंसक तख्तापलट की वकालत की गई है और मौजूदा राजनीतिक व्यवस्थाओं को 'शैतानी और अत्याचारी' बताया गया है।

ADVERTISEMENT

तैयारी

2 साल से बन रही थी हमले की योजना- NIA

NIA ने चार्जशीट में कहा कि हमले की योजना कथित तौर पर कई सालों से बनाई जा रही थी और आतंकी दिसंबर 2023 से लाल किले की बार-बार रेकी कर रहे थे।

हमलावर उमर उन नबी ने अन्य आरोपियों के साथ लाल किले का कई बार दौरा किया था।

चार्जशीट के मुताबिक, विस्फोट पहले से तय जगह और तारीख पर नहीं हुआ। कई गिरफ्तारियों के बाद उमर ने पकड़े जाने के डर से जल्दबाजी में हमले को अंजाम दिया।

ADVERTISEMENT

धमाका

धमाके में मारे गए थे 11 लोग

पिछले साल 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के पास सफेद कार में हुए धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। शुरुआती जांच में इसका संबंध जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद मॉड्यूल से निकला था।

इसके बाद फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय के कई डॉक्टरों और कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया था। जांच के तार उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लेकर जम्मू-कश्मीर तक फैले थे।

ADVERTISEMENT