ऐपल इवेंट 2026: आईफोन 18 प्रो समेत ये प्रोडक्ट होंगे लॉन्च, कब और कैसे देखें लाइव?
क्या है खबर?
ऐपल का सितंबर इवेंट आज (9 सितंबर) होने जा रहा है, जिसमें कंपनी अपने नए आईफोन और दूसरे डिवाइस पेश कर सकती है। 'सरप्राइज एंड शाइन' नाम का यह कार्यक्रम 9 सितंबर को ऐपल पार्क में आयोजित होगा। इस बार इवेंट खास माना जा रहा है, क्योंकि ऐपल के नए CEO जॉन टर्नस पहली बार स्टेज पर नजर आ सकते हैं। कंपनी इस दौरान नए प्रोडक्ट्स, फीचर्स और आने वाली टेक्नोलॉजी से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कर सकती है।
इवेंट
कब और कैसे देखें इवेंट?
इवेंट भारतीय समय के मुताबिक रात 10:30 बजे शुरू होगा।
इसे ऐपल की आधिकारिक वेबसाइट, ऐपल TV ऐप और यूट्यूब पर लाइव देखा जा सकेगा। कंपनी ऐपल पार्क से पूरे कार्यक्रम की स्ट्रीमिंग करेगी, जहां नए प्रोडक्ट्स की घोषणा की जाएगी।
हालांकि, ऐपल ने अभी लॉन्च होने वाले सभी डिवाइस की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। ऐसे में इवेंट में सामने आने वाली असली जानकारी कई लीक और अफवाहों की तस्वीर साफ कर सकती है।
आईफोन 18 प्रो
आईफोन 18 प्रो पर रहेंगी नजरें
इवेंट में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स सबसे बड़े आकर्षण हो सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें नया A20 प्रो चिप, बेहतर बैटरी और कैमरा अपग्रेड मिल सकते हैं। प्रो मैक्स में वेरिएबल अपर्चर वाला मुख्य कैमरा मिलने की भी चर्चा है।
इसके अलावा 6.3 और 6.9 इंच डिस्प्ले, छोटा डायनामिक आइलैंड और अंडर-डिस्प्ले फेस ID जैसी सुविधाएं भी आ सकती हैं। हालांकि, इन फीचर्स की पुष्टि इवेंट में ही होगी।
अन्य
फोल्डेबल आईफोन भी हो सकता है लॉन्च
ऐपल के पहले फोल्डेबल आईफोन की घोषणा भी इस इवेंट में होने की उम्मीद है, जिसे आईफोन अल्ट्रा नाम मिल सकता है।
इसमें बुक-स्टाइल फोल्डिंग डिजाइन और कम दिखाई देने वाली स्क्रीन क्रीज हो सकती है। इसकी कीमत 2,500 डॉलर से ज्यादा होने की रिपोर्ट है। इसके अलावा, ऐपल वॉच सीरीज 12, नया ऐपल वॉच अल्ट्रा और नए एयरपॉड्स भी लॉन्च हो सकते हैं।
कंपनी स्मार्ट-होम डिवाइस से जुड़ी घोषणा भी कर सकती है।