LOADING...
दिल्ली पुलिस ने तमिलनाडु-पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्ध गिरफ्तार किए, आतंकी साजिश रचने का आरोप
दिल्ली पुलिस ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दिल्ली पुलिस ने तमिलनाडु-पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्ध गिरफ्तार किए, आतंकी साजिश रचने का आरोप

लेखन आबिद खान
Feb 22, 2026
10:34 am

क्या है खबर?

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु से 6 और पश्चिम बंगाल से 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों के संपर्क में होने और आतंकी साजिश रचने का आरोप है। सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कुछ व्यक्ति बांग्लादेशी नागरिक हैं और उन्होंने जाली आधार कार्ड बनवा रखा है।

पुलिस

कौन हैं गिरफ्तार किए गए आरोपी?

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबाहत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। सभी को तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया है। इनमें उथुकुली से 2, पल्लडम से 3 और तिरुमुरुगनपूंडी से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि ये पहचान छिपाकर कपड़ा कारखानों में काम कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

बयान

पुलिस बोली- आरोपियों ने कई शहरों की रेकी की थी

दिल्ली पुलिस ने कहा, "यह ऑपरेशन आतंकी गतिविधियों का समर्थन करने वाले ऑनलाइन पोस्ट की जांच के बाद किया गया, जिसके बाद टीम स्थानीय पुलिस की मदद से तिरुपुर पहुंची। जांच करने वालों ने पाया कि 6 लोग इलाके के कपड़ा कारखानों में काम कर रहे थे और उनके पास नकली आधार कार्ड थे। आतंकवादियों की मदद करने के शक में इन आरोपियों ने कई शहरों की रेकी की थी। जांच जारी है।"

Advertisement

पोस्टर

दिल्ली में 'फ्री कश्मीर' पोस्टर लगाने का शक

जांच एजेंसियों के अनुसार, इन संदिग्धों ने दिल्ली समेत कई बड़े शहरों की रेकी की थी। शक है कि इन लोगों ने 8 फरवरी को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों और मेट्रो में कश्मीर से जुड़े पोस्टर लगाए थे। इन पोस्टरों पर 'फ्री कश्मीर' लिखा हुआ था। पुलिस का कहना है कि ये लोग पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों के समर्थन में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा कर रहे थे। इन आरोपियों पर आतंकवादियों की मदद करने का शक है।

Advertisement

अलर्ट

दिल्ली में आतंकी हमले को लेकर जारी किया गया है अलर्ट

खुफिया सूत्रों का कहना है कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के आसपास हमले की साजिश रच रहे हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। इंडिया टुडे ने एक खुफिया नोट के हवाले से बताया है कि आतंकवादी लाल किले और मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों में IED हमला करने की कोशिश कर सकते हैं।

Advertisement