दिल्ली में हमले की साजिश रच रहा लश्कर, ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों को बना सकता है निशाना
क्या है खबर?
राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अलर्ट किया गया है। खुफिया सूत्रों का कहना है कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के आसपास धमाके की साजिश रच रहे हैं। खासतौर पर चांदनी चौक का एक प्रमुख मंदिर आतंकियों के निशाने पर है। इसके बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
अलर्ट
IED हमले की योजना बना रहा लश्कर- रिपोर्ट
इंडिया टुडे ने एक खुफिया नोट के हवाले से बताया है कि आतंकवादी घनी आबादी वाले चांदनी चौक इलाके में स्थित लाल किले और मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों में तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (IED) हमला करने की कोशिश कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है।
धमाका
पिछले साल लाल किले के पास हुआ था धमाका
10 नवंबर, 2025 को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 30 घायल हो गए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे आतंकवादी हमला बताते हुए इसका संबंध जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद मॉड्यूल से बताया था। इस घटना की जांच NIA कर रही है, जिसमें फरीदाबाद के अल-फलाह विश्वविद्यालय समेत देशभर से कई डॉक्टरों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।