टी-20 विश्व कप 2026: क्या 16 साल बाद वेस्टइंडीज को हरा पाएगी जिम्बाब्वे? जानिए प्रीव्यू
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 44वें मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम का सामना वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से सोमवार (23 फरवरी) को होगा। वेस्टइंडीज ने अपने ग्रुप चरण के सभी चारों मैचों में जीत दर्ज की है। जिम्बाब्वे ने भी ग्रुप चरण के 3 मैच जीते थे और एक मैच बारिश से रद्द हो गया था। ग्रुप-1 में सुपर-8 का ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में आइए मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य जरूरी बात जानते हैं।
हेड-टू-हेड
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारी रहा है वेस्टइंडीज का पलड़ा
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों टीमों के बीच 4 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान वेस्टइंडीज को 3 मैचों में जीत मिली है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम केवल एक मैच जीतने में सफल रही है। टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच खेला गया एकमात्र मुकाबला वेस्टइंडीज ने जीता था। जिम्बाब्वे ने कैरेबियन टीम के खिलाफ एकमात्र जीत 2010 में दर्ज की थी। ऐसे में वह इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर 16 साल बाद दूसरी जीत दर्ज करना चाहेगी।
एकादश
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज ने अब तक एक भी मुकाबला नहीं गंवाया है। ऐसे में वह अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं करना चाहेगी। टीम सुपर-8 में भी ग्रुप चरण के प्रदर्शन को बरकरार रखने का प्रयास करेगी। ब्रैंडन किंग और शाई होप की सलामी जोड़ी से टीम को बेहतर शुरुआत की उम्मीद रहेगी। संभावित एकादश: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोस्टन चेज, शरफेन रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी और शमार जोसेफ।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे की टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेगी। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी। कप्तान सिकंदर रजा बल्लेबाजी और गेंदबाजों दोनों में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। संभावित एकादश: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ग्रीम क्रेमर, और ब्लेसिंग मुजरबानी।
पिच
कैसा रहेगा वानखेड़े स्टेडियम की पिच का मिजाज?
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। हालांकि, इस टूर्नामेंट में यहां रन बनाना उतना आसान नहीं लग रहा। अभी तक खेले गए मैचों में गेंदबाजों को काफी मदद मिली है। पिच स्पिनरों को कुछ हद तक ज्यादा सहायता प्रदान कर रही है। तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती ओवर में मदद मिल रही है। हालांकि, यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। ऐसे में बल्लेबाज नजरें जमाकर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।
जानकारी
कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 23 फरवरी को मुंबई में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।
निगाहें
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
वेस्टइंडीज से हेटमायर पिछले 10 मैचों में 174.76 की स्ट्राइक रेट से 367 रन बनाने में सफल रहे हैं। किंग 9 मैचों में 239 रन अपने नाम कर चुके हैं। जिम्बाब्वे से बेनेट ने पिछले 10 मुकाबलों में 130.03 की स्ट्राइक रेट से 403 रन बनाए हैं। सिकंदर के बल्ले से 10 मैचों में 305 रन निकले हैं। मोती ने पिछले 8 मैचों में 9 विकेट चटकाए हैं। मुजरबानी 4 मैचों में 9 विकेट झटकने में सफल रहे हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।