साल्सा के जादूगर और दिग्गज संगीतकार विली कोलन का निधन, 75 की उम्र में थमी सांसें
क्या है खबर?
दुनियाभर में मशहूर साल्सा संगीतकार, कंपोजर और बेहतरीन ट्रॉम्बोन वादक विली कोलन का 75 की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें 'अर्बन साल्सा' का जन्मदाता माना जाता था, जिन्होंने लैटिन संगीत को न्यूयॉर्क की गलियों से निकालकर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। संगीत की दुनिया में एक युग का अंत करते हुए विली अपने पीछे 40 से अधिक यादगार एल्बम और करोड़ों प्रशंसकों की विरासत छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर से संगीत प्रेमियों के बीच शोक की लहर है।
दुखद
परिवार ने की निधन की पुष्टि
विली कोलन के परिवार ने उनके आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक अत्यंत भावुक संदेश साझा करते हुए उनके निधन की जानकारी दी। पोस्ट के जरिए बताया गया कि संगीत की दुनिया का ये महान सितारा 21 फरवरी की सुबह हमेशा के लिए सो गया। परिवार ने कहा कि भले ही विली हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी संगीत की विरासत और यादें हमेशा अमर रहेंगी। परिवार ने प्रशंसकों से इस कठिन समय में प्रार्थनाओं की अपील की है।
श्रद्धांजलि
विली केवल गायक नहीं, जनता की आवाज थे- मैनेजर
विली के मैनेजर ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मैनेजर पिएत्रो कार्लोस ने अपने पोस्ट में लिखा, 'विली ने सिर्फ साल्सा संगीत को बदला नहीं, बल्कि उसका विस्तार किया। इसे राजनीति से जोड़ा, शहरी कहानियों के रंग में रंगा और उन मंचों तक पहुंचाया, जहां इसे पहले कभी नहीं सुना गया था। उनका ट्रॉम्बोन (वाद्य यंत्र) आम जनता की आवाज था, न्यूयॉर्क में कैरिबियन की गूंज था और 2 संस्कृतियों के बीच का एक मजबूत पुल था।'
योगदान
अर्बन साल्सा के जनक और संगीत की दुनिया के सितारे
ग्रैमी नामांकित, 'अर्बन साल्सा' संगीत के जन्मदाता और सामाजिक कार्यकर्ता विली कोलन का शनिवार को निधन हो गया। विली कोलन एक कुशल ट्रॉम्बोन वादक, संगीतकार, अरेंजर और गायक थे। अपने दशकों लंबे करियर में उन्होंने 40 से अधिक एल्बम तैयार किए, जिनकी दुनियाभर में 3 करोड़ से ज्यादा प्रतियां बिकीं। उन्होंने संगीत जगत की मशहूर हस्तियों जैसे 'फानिया ऑल स्टार्स', डेविड बर्न और सेलिया क्रूज के साथ मिलकर काम किया था।