Page Loader
दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर हुई आतिशबाजी पर दर्ज की FIR
अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर आतिशबाजी को लेकर दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर हुई आतिशबाजी पर दर्ज की FIR

Sep 14, 2024
06:47 pm

क्या है खबर?

दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सिविल लाइंस स्थित आवास के बाहर पटाखे फोड़ने के संबंध में FIR दर्ज की है। यह घटना शुक्रवार को केजरीवाल के तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद उनके घर पहुंचने के बाद घटी थी। बता दें कि दिल्ली सरकार ने सोमवार को सर्दियों के मौसम में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए शहर में पटाखों के उत्पादन, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।

आतिशबाजी

रिहाई के बाद जश्न में की आतिशबाजी

दिल्ली शराब नीति में कथित घोटाला मामले में केजरीवाल की रिहाई की खुशी में सिविल लाइन स्थित उनके आवास बाहर जमकर आतिशबाजी की गई थी। केजरीवाल की रिहाई की खुमारी में आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ताओं ने इसकी भी परवाह नहीं की कि दिल्ली में पटाखे चलाना प्रतिबंधित है। इससे पहले दिल्ली भाजपा के नेताओं ने सोशल मीडिया पर ऐसे कार्यकर्ताओं के कई वीडियो शेयर किए थे जो अरविंद केजरीवाल की रिहाई की खुमारी में पटाखे चला रहे थे।

कार्रवाई

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR

पुलिस अधिकारियों ने सिविल लाइंस पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेशों की अवज्ञा) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि जश्न की वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए पहचान कर आरोपियों को नामजद किया जाएगा। बता दें कि केजरीवाल को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी थी।