धुंधली CCTV फुटेज से आजादी, दिल्ली पुलिस ने लुटियंस को 'कबूतर-प्रूफ' बनाया
दिल्ली पुलिस ने लुटियंस दिल्ली के CCTV पोल्स पर एंटी बर्ड स्पाइक्स लगवाए हैं। इसका मकसद कबूतरों और उनकी बीट से कैमरे की तस्वीर को खराब होने से बचाना है। दरअसल, कबूतरों की बीट के कारण अक्सर जरूरी फुटेज ठीक से रिकॉर्ड नहीं हो पाती थी और उन्हें साफ करने में भी काफी परेशानी आती थी। खासकर संसद भवन और राष्ट्रपति भवन जैसे बेहद संवेदनशील जगहों पर यह समस्या ज्यादा थी।
कबूतरों की बीट से धुंधली हो रही CCTV की तस्वीरें
खासकर VIPs की गतिविधियों पर नजर रखने, ट्रैफिक कंट्रोल करने और सेंट्रल दिल्ली को सुरक्षित रखने के लिए कैमरों की साफ तस्वीर दिखना बेहद जरूरी है। कबूतरों की जरा सी बीट भी तस्वीर को धुंधला कर देती है, जिससे किसी जांच या हादसे की पड़ताल में देर हो सकती है। एक अधिकारी ने यह भी बताया कि मानसून में तो यह दिक्कत और भी बढ़ जाती है, क्योंकि बारिश का पानी गंदगी को कैमरे के कवर पर पूरी तरह फैला देता है। यह पूरा सर्विलांस नेटवर्क फेशियल रिकग्निशन तकनीक पर काम करता है और बेहद अहम है। इस पूरे सिस्टम को ECIL और TCIL मिलकर संभालते हैं।