दिल्ली पुलिस ने दबोचे 3 ठग, आधार के नाम पर ऐंठे 15 लाख रुपये
दिल्ली पुलिस ने एक साइबर फ्रॉड का भंडाफोड़ किया है। इस फ्रॉड में एक शख्स को यह कहकर ठगा गया था कि उसका आधार किसी गैर-कानूनी काम से जुड़ा है और उससे कुल 15.31 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम अंकित, सैफ अंसारी और मोहम्मद नूर आलम हैं। पुलिस ने इन आरोपियों की 1.03 लाख रुपये की रकम फ्रीज कर दी है और उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। जांच में पता चला है कि ठगे गए पैसे फरीदाबाद भेजे गए थे, जहां उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेश में बैठे किसी हैंडलर तक पहुंचाया गया था।
पुलिस बनकर ठगों ने कैसे ऐंठे लाखों रुपये
इस फ्रॉड की शुरुआत एक नकली फोन कॉल से हुई थी। ठगों ने पीड़ित को फोन करके बताया कि उसके आधार कार्ड का इस्तेमाल किसी गलत काम में हुआ है। इसके बाद उन्होंने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और पीड़ित पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने पीड़ित से बैंक से जुड़ी सारी जानकारी निकलवाई और उसे 9 जनवरी से 16 जनवरी के बीच पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर कर दिया। ठगों ने पीड़ित को यह कहकर डराया था कि RBI के ऑडिटर इस मामले की जांच कर रहे हैं। अपनी मल्टी-लेयर धोखाधड़ी से उन्होंने लोगों को इतना डरा दिया कि वे बिना शक किए अपना पैसा दे बैठते थे।