दिल्ली पुलिस को मिली सफलता, बॉक्सर विकास डागर की हत्या के आरोपी को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने 9 महीने की लंबी तलाश के बाद आखिरकार राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर विकास डागर की हत्या के मुख्य आरोपी सुमित राणा उर्फ छोटू को धर दबोचा है। पुलिस का कहना है कि डागर को जुलाई 2025 में गोली मारी गई थी और यह हमला एक सोची-समझी साजिश थी, जो पुरानी दुश्मनी का नतीजा था।
टिपऑफ के बाद पकड़ा गया सुमित राणा
जुलाई 2025 में हुई इस वारदात के बाद से ही सुमित राणा लगातार फरार चल रहा था। वह अलग-अलग राज्यों में अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। आखिरकार एक पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला, हालांकि इससे पहले वह पंजाब में एक पुलिस छापेमारी से बाल-बाल बच निकला था। पूछताछ के दौरान राणा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि कैसे वह लगातार अपनी जगहें बदल रहा था ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सके। गिरफ्तारी से पहले सुमित ने मलेशिया और दुबई में भी काम किया था और उसके बाद ही वह दिल्ली लौटा था।