साकेत में बिल्डिंग के गिरने से 6 लोगों की मौतों के मामले में पुलिस ने 2 को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने मनीष खत्री और अविनेश गुप्ता नाम के दो ठेकदारों को गिरफ्तार किया है। इन पर 30 मई को साकेत में एक बिल्डिंग गिरने का आरोप है, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे में 5 छात्र और बिल्डिंग के पास एक छोटी दुकान चलाने वाली एक महिला शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक, ये ठेकेदार कई दिनों से फरार चल रहे थे। मनीष खत्री ने तो पुलिस से बचने के लिए अपना पुराना फोन तक बदल लिया था, ताकि पुलिस उसका पता न लगा सके।
1.8 करोड़ के अवैध निर्माण के मामले में बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार
बिल्डिंग मालिक करमबीर सेजवाल को भी इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसने 8 साल पुरानी इस बिल्डिंग में दो अवैध मंजिलें बनवाने के लिए 1.8 करोड़ रुपये में इन ठेकदारों को ठेका दिया था। यह बिल्डिंग इतनी अतिरिक्त मंजिलें बनाने का बोझ उठाने के लिए बनी ही नहीं थी। काम बीच में ही पैसों के विवाद के चलते रुक गया था। जांच करने वाले अधिकारियों का मानना है कि पानी की टंकी बनाने के लिए हाल ही में बेसमेंट में हुई खुदाई ने हालात को और खराब कर दिया, जिसके चलते यह जानलेवा हादसा हुआ।