दिल्ली और मुंबई, दोनों ही शहर गंभीर रूप से खराब हवा से जूझ रहे हैं। जो समस्या कभी मौसमी हुआ करती थी, वह अब लगातार बनी हुई है।
दिल्ली में प्रदूषण के लिए गाड़ियां, कंस्ट्रक्शन की धूल, कचरा जलाना, उद्योग, पड़ोसी राज्यों में पराली जलाना और पटाखे जिम्मेदार हैं। वहीं मुंबई में कंस्ट्रक्शन का काम और बदलता समुद्री मौसम स्थिति को और खराब कर रहा है।
दिल्ली में PM2.5, मुंबई में PM10
दिल्ली में सर्दियों के दौरान, हवा में छोटे कण (जैसे PM2.5) जमीन के करीब फंस जाते हैं। जबकि मुंबई में मानसून के बाद का मौसम, बड़े पैमाने पर चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल-एस्टेट के कंस्ट्रक्शन से निकलने वाले PM10 कणों को बढ़ा देता है।
प्रदूषण के स्रोत भले ही अलग हों, लेकिन दोनों शहरों के लोगों को लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से स्वास्थ्य से जुड़े एक जैसे खतरे झेलने पड़ते हैं।