ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड: बेन डकेट ने लगाया अपना 7वां वनडे शतक, पूरे किए 2,000 रन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मैच में शतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का कुल 7वां और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध तीसरा शतक साबित हुआ। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने वनडे करियर में अपने 2,000 रन भी पूरे किए। यह मौजूदा सीरीज में उनके बल्ले से निकलने वाली पहली बड़ी पारी रही। आइए उनकी पारी के बारे में जानते हैं।
पारी
शानदार रही डकेट की पारी
होबार्ट के बेलेरिव ओवल स्टेडियम में डकेट ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टॉम बैंटन (44) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। डकेट ने निरंतर अंतराल पर रहे विकेटों के बीच 94 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
इस सीरीज के पहले 2 वनडे मैचों में उन्होंने 9 और 9 रन के स्कोर किए थे।
करियर
बेहतरीन चल रहा है डकेट का वनडे करियर
डकेट ने साल 2016 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 47 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 47 पारियों में लगभग 45 की औसत के साथ 2,050 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसमें 7 शतक के अलावा 10 अर्धशतक भी शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 165 रन का रहा है।
वह इस प्रारूप में 200 से अधिक चौके लगा चुके हैं।
आंकड़े
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा रहा है डकेट का प्रदर्शन
डकेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 9 वनडे खेले हैं और इसकी 9 ही पारियों में उन्होंने 550 से अधिक रन बनाए हैं।
क्रिकइंफो के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया की धरती पर डकेट ने पहली बार शतक लगाया है।
वह इस साल शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 16 पारियों में 850 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 4 शतक भी अपने नाम किए हैं।