दिल्ली में मकान में लगी आग, 4 लोगों की मौत और 2 झुलसे
क्या है खबर?
दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार सुबह एक घर में भीषण आग लगने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि घर के बेसमेंट में ई-रिक्शा चार्ज करने की जगह थी। संभवत: यहीं पर शॉट सर्किट होने से आग भड़की और घर को चपेट में ले लिया। सभी पीड़ित मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे।
घटना
सुबह 4 बजे हुई घटना
दिल्ली फायर सर्विसेज (DFS) के मुताबिक, यह घटना विश्वास नगर इलाके में यूनिटी वन मॉल के पास गली नंबर 11 में तड़के करीब 4 बजे हुई।
सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुबह 5 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
DFS ने कहा कि आग एक घर के अंदर ई-रिक्शा पार्क करने वाली जगह पर लगी।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि घर और ई-रिक्शा के मालिक की पहचान पता की जा रही है।
बयान
6 लोग बचाए गए
DFS ने कहा कि आग घर के अंदर लगी थी, जिसका एरिया करीब 60 स्क्वेयर यार्ड था।
प्रवक्ता ने कहा, "DFS टीम ने मेजेनाइन फ्लोर से 6 लोगों को बचाया और स्टाफ उन्हें हेडगेवार अस्पताल लेकर गया। सुबह 5.30 बजे तक विभाग को डॉक्टरों से जानकारी मिली कि 4 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग 10 प्रतिशत तक जल गए हैं। उनका इलाज चल रहा है।"