Page Loader
रक्षा सचिव का दावा- यह कहना गलत कि पाकिस्तान ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में राफेल मार गिराए
रक्षा सचिव ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने राफेल नहीं खोए

रक्षा सचिव का दावा- यह कहना गलत कि पाकिस्तान ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में राफेल मार गिराए

लेखन गजेंद्र
Jul 07, 2025
02:32 pm

क्या है खबर?

भारतीय रक्षा सचिव आरके सिंह ने सोमवार को उन दावों को गलत बताया, जिसमें राफेल लड़ाकू विमानों को पाकिस्तान सेना द्वारा मार गिराने की बात कही गई है। CNBC TV18 के मुताबिक, सिंह ने विशेष साक्षात्कार में कहा कि यह कहना बिल्कुल गलत होगा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान राफेल को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, सिंह ने भरतीय पक्ष के नुकसान के विषय में कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने संघर्ष में भारतीय सशस्त्र बलों की स्वतंत्रता की बात कही।

दावा

क्या बोले रक्षा सचिव?

रक्षा सचिव ने कहा, "आप कई राफेल के बारे में बता रहे हैं, लेकिन मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि यह बिल्कुल सही नहीं है। पाकिस्तान को भारत की तुलना में कई गुना अधिक मानवीय और भौतिक क्षति हुई है। वहां 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं।" सिंह ने यह भी कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों पर कोई राजनीतिक प्रतिबंध नहीं है और उन्हें संघर्ष में पूरी तरह से परिचालन स्वतंत्रता मिली हुई है।

विवाद

इंडोनेशिया में भारतीय दूतावास के सैन्य अधिकारी के बयान से छिड़ा था विवाद

इंडोनेशिया में भारतीय दूतावास के सैन्य अधिकारी कैप्टन शिव कुमार (रक्षा अताशे) ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर ऐसा बयान दिया, जिससे विवाद खड़ा हो गया था। उन्होंने जकार्ता विश्वविद्यालय में आयोजित एक सेमिनार में कहा था, "हमने कुछ लड़ाकू विमान खोए। यह केवल राजनीतिक नेतृत्व द्वारा सैन्य प्रतिष्ठान या उनकी हवाई सुरक्षा पर हमला न करने के लिए दी गई बाध्यता के कारण हुआ। इसके बाद रणनीति बदली और हमने सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया।"

दुष्प्रचार

चीन को आड़े हाथों ले चुका है फ्रांस

अभी एक दिन पहले ही फ्रांस ने दावा किया है कि चीन उसके राफेल लड़ाकू विमानों के बारे में अपने दूतावासों के जरिए सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार और झूठी अफवाहें फैला रहा है। फ्रांस का कहना है कि चीन ऐसा कर राफेल विमानों की क्षमता पर संदेह पैदा करने की कोशिश कर रहा है, ताकि इनकी बिक्री कम हो जाए। चीन राफेल के मुकाबले अपने लड़ाकू विमानों को बेहतर बता रहा है। चीन ने रिपोर्ट को निराधार और अफवाह बताया।