बंगाल: जगतदाल में 15 अलग-अलग जगहों पर देसी बमों से हमला, बच्चे समेत तीन लोग घायल
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार रात कई स्थानों पर हुए देसी बम धमाकों में एक बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए।
एक बम धमाका बैरकपुर से भाजपा के लोकसभा सांसद अर्जुन सिंह के जगतदाल इलाके में स्थित घर से थोड़ी दूर एक गली में हुआ।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात लोगों ने शहर में लगभग 15 जगहों पर बम फेंके थे और उन्होंने अलग-अलग जगहों पर लगाए गए CCTV कैमरे भी तोड़ दिए।
आरोप
लोगों का आरोप- पुलिस की मौजूदगी में फेंका गया बम
बम धमाकों की जानकारी मिलने के बाद जगतदाल पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसे स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि एक बम पुलिस की मौजूदगी में फेंका गया था।
अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये बम किसने फेंके और इस हमले के पीछे मकसद क्या था।
पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता मुकुल रॉय ने कहा कि पार्टी इन हमलों को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत देगी।
बयान
भाजपा सांसद ने पुलिस पर साधा निशाना
बम धमाकों के बारे में सुनकर भाजपा सांसद अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट की अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि उन्होंने पुलिस को घटनास्थल से जाने को कहा था।
उन्होंने कहा, "हम पिछले 10-12 दिनों से पुलिस को बुला रहे थे, लेकिन पुलिस ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए। हमने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर चुनाव आयोग को भी बताया है और इसी बीच यह बमबारी हो गई।"
आरोप
सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर चल रही पुलिस- सिंह
अर्जुन सिंह ने आगे कहा कि पुलिस सत्ताधारी पार्टी के आदेशों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "अगर पुलिस इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है तो यह खेल बहुत खतरनाक हो जाएगा और तृणमूल कांग्रेस और गुंडों को सफाया कर दिया जाएगा।"
सिंह ने आगे कहा कि एक डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है ताकि लोगों को उनके वोट डालने से रोका जा सके।
प्रतिक्रिया
तृणमूल कांग्रेस का इस पर क्या कहना है?
दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि यह घटना किसी राजनीतिक विवाद का नतीजा नहीं है।
जगतदाल विधानसभा से पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ श्याम ने कहा, "जहां तक मुझे बताया गया है कि यह किसी राजनीतिक विवाद के कारण नहीं हुआ है। हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि यह बमबारी क्यों और कैसे हुई। हमने पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी देकर उन्हें बिना किसी राजनीतिक पक्षपात के कार्रवाई करने को कहा है।"
दूसरी घटना
पिछले महीने ममता के मंत्री पर हुआ था बम से हमला
पश्चिम बंगाल में बम धमाकों की यह पहली घटना नहीं है।
बीते महीने पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री जाकिर हुसैन पर भी देसी बम से हमला किया गया था, जिसमें उनको काफी चोटें आई थीं।
यह हमला मुर्शिदाबाद जिले के निमटीटा रेलवे स्टेशन पर हुआ था। हुसैन रेल से कोलकाता जाने के लिए स्टेशन पर आए थे। इसी दौरान उन पर हमला हो गया। हमले में हुसैन के साथ-साथ उनके कई समर्थक भी घायल हुए थे।
विधानसभा चुनाव
बंगाल में कब है चुनाव?
बंगाल की 294 सीटों पर 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। नतीजे 2 मई को आएंगे।
इन चुनाव में मुख्य टक्कर सत्तारूढ़ TMC और भाजपा के बीच मानी जा रही है। अभी तक बंगाल में छोटी पार्टी रही भाजपा इस बार TMC के किले में सेंध लगाने की तैयारी के साथ उतरी है। वहीं TMC एक बार फिर सत्ता पाने के लिए जोर लगा रही है।