Page Loader
छत्तीसगढ़: महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री बघेल का ऐलान
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया बड़ा ऐलान

छत्तीसगढ़: महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री बघेल का ऐलान

संपादन मुकुल तोमर
Aug 15, 2023
05:33 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में घोषणा करते हुए कहा कि महिलाओं के साथ अपराध करने वाले आरोपियों को सरकारी नौकरियों से प्रतिबंधित किया जाएगा। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राजस्थान सरकार ने भी महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को सरकारी नौकरियों से वंचित रखने का ऐलान किया था।

फैसला 

मुख्यमंत्री बघेल ने क्या कहा? 

मुख्यमंत्री बघेल ने अपने भाषण के दौरान कहा, "महिलाओं की सुरक्षा और उनकी अस्मिता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम निर्णय लेने जा रहे हैं कि बालिकाओं और महिलाओं के साथ छेड़छाड़, रेप या अन्य अपराध करने वाले वाले आरोपियों को सरकारी नौकरियों से प्रतिबंधित किया जाएगा।" बता दें कि छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे की दृष्टि से इस योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ऐलान 

राजस्थान कांग्रेस सरकार ने भी लिया था ऐसा ही ऐलान   

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कुछ दिन पहले महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को सरकारी नौकरियों से प्रतिबंधित करने का ऐलान किया था। गहलोत ने ट्वीट किया था, 'राज्य सरकार ने फैसला किया है कि बालिकाओं और महिलाओं से छेड़छाड़, रेप के प्रयास और रेप के आरोपियों व मनचलों को सरकारी नौकरियों से प्रतिबंधित किया जाएगा। मनचलों का पुलिस थानों में आपराधिक रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। ऐसे असमाजिक तत्वों का सामाजिक बहिष्कार करना आवश्यक है।"

मकसद

चुनाव से जोड़कर देखे जा रहे ऐलान

राजस्थान और छत्तीसगढ़ में महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को सरकारी नौकरियों से प्रतिबंधित करने के फैसले को इन दोनों राज्यों में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों राज्यों, विशेषकर राजस्थान, में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कई वीभत्स मामले सामने आए हैं। माना जा रहा है कि ये ऐलान करके कांग्रेस महिलाओं के खिलाफ अपराध पर खुद को सख्त दिखाना चाहती है, ताकि भाजपा उसे घेर न सके।

मामला 

राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हाल ही में कौन-सी वारदात सामने आई हैं?

बता दें कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ महीनों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की कई भयावह घटनाएं सामने आई हैं। भीलवाड़ा में हाल ही में एक 14 वर्षीय लड़की की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी और उसके शव को भट्ठी में फेंक दिया गया था। छत्तीसगढ़ के सुकमा में भी छात्रावास में एक छोटी बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया था, जिस पर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर कड़ा निशाना साधा था।