शादी में बुक किया हेलीकॉप्टर 4 घंटे लेट पहुंचा, अब दूल्हे को मिलेगा 8 लाख रुपये का हर्जाना
एक शादी में तब तनाव बढ़ गया जब हेलीकॉप्टर तय समय से 4 घंटे से भी ज्यादा लेट पहुंचा। हेलीकॉप्टर को सुबह 10 बजे पहुंचना था, लेकिन वह तय समय पर नहीं आया। इस देरी ने बारात के पूरे कार्यक्रम को बिगाड़ दिया और दूल्हे के परिवार को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। यही नहीं, फेरों की रस्म भी तय समय से काफी देर से शुरू हुई। मामले में उपभोक्ता आयोग ने दखल दिया और अरिहंत हेलीकॉप्टर सर्विस को 6.77 लाख रुपये लौटाने का आदेश दिया है। साथ ही, कंपनी को इस रकम पर 9 प्रतिशत ब्याज, एक लाख रुपये हर्जाने के तौर पर और 22,000 रुपये कानूनी खर्च के रूप में भी चुकाने होंगे।
करनाल आयोग ने कंपनी को 6.77 लाख रिफंड का आदेश दिया
आयोग ने अरिहंत हेलीकॉप्टर सर्विस को आदेश दिया है कि वह 6.77 लाख रुपये, एक लाख रुपये हर्जाने के तौर पर और 22,000 रुपये कानूनी लागत के रूप में चुकाए। कंपनी ने अपनी सफाई में खराब मौसम का हवाला दिया था, लेकिन वह अपना यह दावा साबित नहीं कर सकी। इस वजह से उनका यह बहाना खारिज कर दिया गया।
करनाल उपभोक्ता आयोग ने अपने फैसले में साफ कहा, "ऐसे किसी भी करार में समय सबसे अहम होता है, और इसमें होने वाली कोई भी बड़ी देरी सेवा के मूल मकसद को ही खत्म कर देती है।"