Page Loader
रामनवमी के मौके पर कई राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा, गुजरात में एक की मौत
रामनवमी के मौके पर कई राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा

रामनवमी के मौके पर कई राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा, गुजरात में एक की मौत

Apr 11, 2022
10:14 am

क्या है खबर?

रामनवमी के मौके पर चार अलग-अलग राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं हुई हैं। रविवार को गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड से झड़पों और आगजनी की खबरें सामने आईं। हिंसा में गुजरात में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि मध्य प्रदेश के खरगौन में कर्फ्यू लगाना पड़ा है। जानकारी के लिए बता दें कि रामनवमी हिंदुओं का बड़ा त्योहार माना जाता है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान राम का जन्म हुआ था।

मध्य प्रदेश

खरगौन मे शोभा यात्रा पर पथराव

मध्य प्रदेश के खरगौन में शोभायात्रा पर पथराव के बाद हुई हिंसा और आगजनी को देखते हुए कर्फ्यू लगाया गया है। हिंसाग्रस्त इलाकों में हालात काबू करने के लिए अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया है। अतिरिक्त कलेक्टर एसएस मुजाल्दे ने बताया कि तलब चौक से शुरू हुई शोभायात्रा में लाउडस्पीकर पर बज रहे गानों पर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद असमाजिक तत्वों ने शोभायात्रा पर पथराव किया। पुलिस को हालात संभालने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

जानकारी

SP को भी आई चोट

NDTV के अनुसार, हिंसा के दौरान चार घरों को आग लगा दी गई और मंदिर को भी नुकसान पहुंचाया गया है। उपद्रवी को काबू में करने के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।

गुजरात

गुजरात के दो जिलों में हिंसा

रविवार को गुजरात के आणंद जिले के खंभात और साबरकंठा जिले के हिम्मतनगर में सांप्रदायिक हिंसा हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। दोनों जगहों पर पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं हुईं। पुलिस को उपद्रवियों पर काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले फायर करने पड़े। पुलिस ने बताया कि खंभात में शोभयात्रा के दौरान जहां दो समूहों के बीच टकराव हुआ था, वहां से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की लाश मिली है।

पश्चिम बंगाल

बंगाल के हावड़ा में हिंसा

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के शिभपुर इलाके में रामनवमी के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिसबल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शांति बहाल करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। विपक्षी दल भाजपा ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने शोभयात्रा पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिसकर्मी जुलूस में शामिल लोगों के साथ मारपीट कर रहे थे।

झारखंड

झारखंड के लोहरदगा जिले में आगजनी

झारखंड से भी रामनवमी के मौके पर सांप्रदायिक हिंसा की खबरें सामने आई हैं। लोहरदगा जिले के हिरही गांव में शोभायात्रा पर पथराव के बाद इलाके में हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने दर्जनों वाहनों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना में 10 लोग घायल हुए हैं। हिंसा की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया।